गोपालपुर: गंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर के बीच गोपालपुर प्रखंड के ऐतिहासिक सैदपुर दुर्गा मंदिर पर एक बार फिर कटाव का खतरा गहराने लगा है। मंदिर के समीप अब तक स्थायी कटाव निरोधी कार्य शुरू नहीं होने से स्थानीय ग्रामीणों, मंदिर समिति और श्रद्धालुओं में चिंता बढ़ गई है।

ग्रामीणों ने बताया कि पिछले वर्ष गंगा की तेज धारा मंदिर के काफी करीब पहुंच गई थी। उस समय तत्कालीन जिला प्रशासन के निर्देश पर ग्रामीण कार्य विभाग ने युद्धस्तर पर बांस पाइलिंग और नायलॉन क्रेट (एनसी) के माध्यम से फ्लड फाइटिंग का कार्य कराया था, जिससे मंदिर को तत्काल राहत मिली थी। हालांकि इस वर्ष अब तक मंदिर के आसपास कोई स्थायी सुरक्षात्मक कार्य शुरू नहीं कराया गया है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस्माईलपुर-बिंद टोली तटबंध के कई संवेदनशील हिस्सों में कटाव रोकने के लिए कार्य तेजी से चल रहा है, लेकिन सैदपुर दुर्गा मंदिर के निकट स्थित इस अति संवेदनशील स्थल की अनदेखी की जा रही है।

मंदिर समिति के अध्यक्ष महेश कुंवर ने बताया कि यह भव्य मंदिर सैदपुर और आसपास के ग्रामीणों के सहयोग से 5 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनाया गया है। शारदीय नवरात्र और दुर्गा पूजा के दौरान यहां बिहार के विभिन्न जिलों से लाखों श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। उन्होंने जल संसाधन विभाग से मांग की कि मंदिर की सुरक्षा के लिए शीघ्र तकनीकी सर्वे कराकर बोल्डर क्रेटिंग अथवा जियो बैग के माध्यम से स्थायी कटाव निरोधी कार्य शुरू कराया जाए।

इस बीच राहत की बात यह है कि स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों ने समय रहते ब्रह्मोत्तर बांध की मरम्मत कराकर उसमें मिट्टी भरवाकर उसे मजबूत किया है। इसके बावजूद ग्रामीणों का कहना है कि गंगा प्रसाद धार में जलस्तर बढ़ने से सीपेज (पानी का रिसाव) और लगातार बारिश के कारण मंदिर के पीछे बने गहरे गड्ढों में पानी भरने का खतरा बना हुआ है। इससे अंदरूनी कटाव होने की आशंका है, जो मंदिर की नींव के लिए गंभीर खतरा साबित हो सकता है।

स्थानीय लोगों ने भागलपुर जिला प्रशासन और जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता से मांग की है कि बाढ़ का पानी पूरी तरह उफान पर आने से पहले सैदपुर दुर्गा मंदिर के आसपास स्थायी सुरक्षात्मक कार्य शुरू कराया जाए, ताकि इस ऐतिहासिक और आस्था के केंद्र को संभावित कटाव से सुरक्षित रखा जा सके।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....