पटना: बिहार में मानसून की रफ्तार फिलहाल कुछ धीमी जरूर हुई है, लेकिन मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में एक बार फिर इसके सक्रिय होने का पूर्वानुमान जारी किया है। मंगलवार को राज्य के 10 जिलों में तेज बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, 15 जुलाई से 19 जुलाई के बीच उत्तर और पश्चिमी बिहार के कई जिलों में भारी बारिश, तेज हवा और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।

कई जिलों में हुई बारिश, उमस से भी राहत नहीं

मंगलवार सुबह खगड़िया, कटिहार और पटना के कुछ इलाकों में बारिश दर्ज की गई। दोपहर बाद मधेपुरा में तेज बारिश हुई, जबकि बेगूसराय में पूरे दिन बादल छाए रहे। हालांकि राज्य के 28 जिलों में मौसम सामान्य रहने की संभावना है। बीच-बीच में बादल छाए रहेंगे और उमस लोगों को परेशान कर सकती है।

नेपाल में बारिश का असर, नदियों का जलस्तर बढ़ा

नेपाल में लगातार हो रही बारिश का असर बिहार की नदियों पर भी दिखाई देने लगा है। मुजफ्फरपुर में बागमती नदी का जलस्तर बढ़ने से औराई को कटरा प्रखंड से जोड़ने वाला कटरा पीपा पुल पानी में डूब गया है।

वहीं मुंगेर में गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे दियारा क्षेत्र में कटाव शुरू हो गया है। गोपालगंज के कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

15 जुलाई से फिर जोर पकड़ेगा मानसून

मौसम विभाग के अनुसार 15 जुलाई से बंगाल की खाड़ी से नमी बढ़ने के कारण मानसून दोबारा सक्रिय होगा। इस दौरान कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है। साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

कोसी नदी भी उफान पर

नेपाल में लगातार बारिश के कारण सुपौल में कोसी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। कोसी बराज से सोमवार सुबह करीब 1 लाख 44 हजार 875 क्यूसेक पानी छोड़ा गया, जिसके बाद तटबंधों की निगरानी बढ़ा दी गई है। प्रशासन संवेदनशील इलाकों पर लगातार नजर बनाए हुए है।

पिछले 24 घंटे में ऐसा रहा मौसम

बीते 24 घंटे के दौरान बगहा और समस्तीपुर में लगातार बारिश दर्ज की गई। सीवान में रविवार रात हुई बारिश के बाद सदर अस्पताल परिसर में पानी भर गया, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानी हुई। वहीं रक्सौल में भारत-नेपाल को जोड़ने वाली सड़क पर करीब दो फीट तक पानी जमा हो गया, जिससे आवाजाही प्रभावित रही।

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम, तेज हवा और आकाशीय बिजली के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *