भागलपुर: बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) एवं बिहार प्रशासनिक सेवा (BAS) अधिकारियों के तबादला एवं पदस्थापन आदेश में संशोधन करते हुए नई अधिसूचना जारी की है। संशोधित आदेश के तहत रवि राकेश को भागलपुर का उप विकास आयुक्त (डीडीसी) सह मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, जिला परिषद नियुक्त किया गया है।
Total Downloads: 197
सरकार ने इससे पहले जारी आदेश में अररिया की उप विकास आयुक्त रोजी कुमारी का भागलपुर तबादला किया था, लेकिन अब उस आदेश को निरस्त कर दिया गया है। संशोधित अधिसूचना के अनुसार रोजी कुमारी अब अररिया में ही अपने वर्तमान पद पर कार्यरत रहेंगी।
अररिया की जगह अब भागलपुर की जिम्मेदारी
रवि राकेश वर्तमान में पूर्णिया में अपर समाहर्ता के पद पर कार्यरत हैं। पूर्व आदेश में उन्हें अररिया का उप विकास आयुक्त बनाया गया था, लेकिन संशोधित अधिसूचना के बाद उनका अररिया पदस्थापन रद्द कर उन्हें भागलपुर का डीडीसी सह मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, जिला परिषद बनाया गया है। उनके जल्द ही भागलपुर में योगदान देने की संभावना है।

असमंजस की स्थिति हुई समाप्त
संशोधित आदेश के साथ ही भागलपुर में डीडीसी पद को लेकर बनी असमंजस की स्थिति समाप्त हो गई है। प्रशासनिक हलकों में इसे महत्वपूर्ण फैसला माना जा रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि नए डीडीसी के पदभार संभालने के बाद जिला परिषद की विकास योजनाओं, ग्रामीण विकास परियोजनाओं की मॉनिटरिंग और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को नई गति मिलेगी।
जिला परिषद अध्यक्ष ने किया स्वागत
जिला परिषद अध्यक्ष विपीन कुमार मंडल ने सरकार के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि नए डीडीसी के आने से जिला परिषद के कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और प्रशासनिक दक्षता बढ़ेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि लंबे समय से लंबित विकास योजनाओं के निष्पादन में तेजी आएगी और जनहित की योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंच सकेगा।
अब प्रशासनिक महकमे की निगाहें रवि राकेश के पदभार ग्रहण करने पर टिकी हैं। उनके कार्यभार संभालने के बाद भागलपुर जिला परिषद से जुड़े विकास कार्यों में तेजी आने की उम्मीद की जा रही है।
