नवगछिया: अस्पतालों में ऑनलाइन पंजीकरण व्यवस्था लागू होने के बाद नारायणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में मरीजों की परेशानी बढ़ गई है। आधार कार्ड और मोबाइल नंबर नहीं होने के कारण कई मरीजों का पंजीकरण नहीं हो सका, जिससे उन्हें बिना इलाज कराए ही लौटना पड़ा।
Total Downloads: 40
बुधवार को ओपीडी सेवा बाधित रहने के बाद गुरुवार सुबह अस्पताल खुलते ही मरीजों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पंजीकरण कक्ष के बाहर लंबी कतार लग गई। भीड़ बढ़ने से धक्का-मुक्की और कहासुनी की स्थिति भी उत्पन्न हो गई, जिसे नियंत्रित करने के लिए अस्पताल के गार्डों को हस्तक्षेप करना पड़ा।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, गुरुवार को करीब 151 मरीजों का ऑनलाइन पंजीकरण किया गया। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों से आए कई मरीजों के पास न तो मोबाइल फोन था और न ही आधार कार्ड, जिसके कारण उनका पंजीकरण नहीं हो सका।

जयरामपुर निवासी जगधारी साह, केदारनाथ शर्मा, अरविंद सिंह, सीमा देवी और रामचंद्र समेत कई मरीजों ने बताया कि उन्हें नई ऑनलाइन व्यवस्था की जानकारी नहीं थी। आवश्यक दस्तावेज नहीं होने के कारण वे इलाज कराए बिना ही घर लौटने को मजबूर हो गए।
ओपीडी में बढ़ती भीड़ और मरीजों की परेशानी को देखते हुए डॉ. दीपक कुमार ने कुछ मरीजों को पर्चे पर दवाइयां लिखकर राहत देने का प्रयास किया। बावजूद इसके, दिनभर पंजीकरण काउंटर पर भीड़ बनी रही, जिससे अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं।
