नॉर्थ बिहार क्रिकेट एकेडमी की पहल, चयनित खिलाड़ियों को टी-10 लीग में मिलेगा खेलने का मौका

नवगछिया: नॉर्थ बिहार क्रिकेट एकेडमी की ओर से आयोजित नवगछिया टी-10 क्रिकेट लीग (सॉफ्टबॉल) के लिए रविवार को राजेंद्र कॉलोनी मैदान में ट्रायल का आयोजन किया गया। ट्रायल में बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी क्रिकेट प्रतिभा और फिटनेस का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का उद्घाटन नवगछिया क्रिकेट संघ के अध्यक्ष रामदेव प्रसाद यादव ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल में अनुशासन, समर्पण और खेल भावना सबसे महत्वपूर्ण है। ऐसे आयोजन क्षेत्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का सुनहरा अवसर प्रदान करते हैं।

ट्रायल के दौरान लीग के संयोजक घनश्याम प्रसाद, उपाध्यक्ष सरोज झा एवं अशोक सिंह, सचिव राजेश कुमार ‘राजू’ तथा आयोजन अध्यक्ष डॉ. अनंत विक्रम मौजूद रहे। खिलाड़ियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन चयनकर्ता रविंद्र भगत और रमन सिंह ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में खेल प्रेमी भी मैदान में उपस्थित रहे।

नॉर्थ बिहार क्रिकेट एकेडमी के डायरेक्टर एवं कोच घनश्याम प्रसाद ने बताया कि ट्रायल में खिलाड़ियों के बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण कौशल के साथ-साथ उनकी शारीरिक फिटनेस का भी परीक्षण किया गया। चयनित खिलाड़ियों को आगामी नवगछिया टी-10 क्रिकेट लीग में विभिन्न टीमों की ओर से खेलने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि एकेडमी का उद्देश्य नवगछिया और आसपास के क्षेत्रों की उभरती क्रिकेट प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर देना है, ताकि स्थानीय खिलाड़ी भविष्य में बड़े स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *