नवगछिया। गोपालपुर थाना क्षेत्र के पोखरिया गांव निवासी CRPF जवान मुकेश कुमार का पार्थिव शरीर रविवार को उनके पैतृक गांव पहुंचा। पार्थिव शरीर के गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई। अंतिम दर्शन के लिए पोखरिया सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। इस दौरान ग्रामीणों ने ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाकर जवान को श्रद्धांजलि दी।

परिजनों के अनुसार, मुकेश कुमार छुट्टी बिताने के बाद अपनी ड्यूटी पर शिमला लौट रहे थे। यात्रा के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें विभागीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।

CRPF बटालियन के जवान पार्थिव शरीर को लेकर नवगछिया पहुंचे। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद जवान को सम्मानपूर्वक सलामी दी गई। इसके बाद पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव पोखरिया लाया गया। गांव में पार्थिव शरीर पहुंचने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और आसपास के लोग अंतिम दर्शन के लिए जुट गए।

पार्थिव शरीर देखते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पत्नी विभा देवी पति के निधन से गहरे सदमे में हैं। परिजनों के अनुसार, मुकेश कुमार के दो बच्चे हैं—बेटा प्रत्युष और बेटी प्राकृतिक। पति के निधन के बाद बच्चों के भविष्य को लेकर परिवार में चिंता का माहौल है।

ग्रामीणों ने बताया कि मुकेश कुमार लंबे समय से CRPF में सेवा दे रहे थे और देश की सुरक्षा में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे थे। उनके निधन से परिवार के साथ-साथ पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है।

ग्रामीण पंकज कुमार सिंह ने कहा कि मुकेश कुमार का निधन उनके परिवार के साथ-साथ पूरे गांव के लिए बड़ी क्षति है। उन्होंने कहा कि गांव ने एक समर्पित जवान को खो दिया है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *