नरकटिया (गौरीपुर) में पुलिस की देर रात छापेमारी, आर्म्स एक्ट और मद्य निषेध अधिनियम के तहत केस दर्ज
Total Downloads: 75
नवगछिया | नवगछिया पुलिस ने अवैध हथियार और शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिहपुर थाना क्षेत्र के नरकटिया (गौरीपुर) गांव में शनिवार देर रात छापेमारी कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से एक देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा और 25 लीटर देसी चुलाई शराब बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि संतोष कुमार अपने बासा में अवैध रूप से देसी चुलाई शराब की बिक्री कर रहा है। सूचना का सत्यापन करने के बाद बिहपुर थाना पुलिस ने तत्काल छापेमारी की।

तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया। वहीं, उसके बासा से 25 लीटर देसी चुलाई शराब भी जब्त की गई। बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में बिहपुर थाना कांड संख्या 204/26 (दिनांक 31 जुलाई 2026) दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट तथा बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि अवैध हथियार और शराब का नेटवर्क किन लोगों से जुड़ा हुआ है।
