नवगछिया। खरीक थाना क्षेत्र के एनएच-31 स्थित लगदाहा चौक के पास सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे टोटो और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में टोटो चालक समेत उस पर सवार पांच लोग और बाइक सवार दो युवक समेत कुल सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही खरीक थाना के गश्ती पदाधिकारी रामबच्चन प्रसाद और दारोगा सौरभ कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सभी घायलों को वाहन से इलाज के लिए खरीक सीएचसी पहुंचाया।

एक ही परिवार के पांच लोग घायल

घायलों की पहचान खरीक थाना क्षेत्र के नागरटोला निवासी मंटू राय (50), उनकी पत्नी रीता देवी (45), पुत्री प्रियंका कुमारी (25), सीता कुमारी (12) और पुत्र सागर कुमार (16) के रूप में हुई है।

वहीं, बाइक सवार खगड़िया जिले के महेशखूंट थाना क्षेत्र के पटेल नगर निवासी विवेक कुमार (28) और अभिषेक कुमार (24) भी हादसे में घायल हुए हैं। दोनों रंजीत सिंह के पुत्र बताए गए हैं।

चार घायलों की हालत गंभीर, मायागंज रेफर

खरीक सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद रीता देवी, प्रियंका कुमारी, विवेक कुमार और अभिषेक कुमार की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया। वहीं, अन्य घायलों का इलाज खरीक सीएचसी में किया गया।

बाबा ब्रजलेश्वरधाम से पूजा कर लौट रहा था परिवार

जानकारी के अनुसार मंटू राय अपने निजी टोटो से परिवार के साथ झंडापुर थाना क्षेत्र के मड़वा स्थित बाबा ब्रजलेश्वरधाम में सावन की दूसरी सोमवारी पर पूजा-अर्चना करने गए थे। पूजा के बाद परिवार टोटो से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान लगदाहा चौक के पास टोटो और बाइक की टक्कर हो गई।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *