नारायणपुर। भवानीपुर थाना क्षेत्र के आशाटोल गांव में बच्चा चोरी के आरोप में मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान ऋषि कुमार, पिता अशोक तांती, निवासी आशाटोल के रूप में हुई है।
Total Downloads: 120
घटना 23 फरवरी 2026 की है। आशाटोल गांव में ग्रामीणों ने एक मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति पर बच्चा चोर होने का आरोप लगाकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की थी। मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना के बाद भवानीपुर थाना में कांड संख्या 50/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
मामले में पुलिस पहले भी एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है। वहीं, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी।

इसी क्रम में पुलिस ने 13 अगस्त 2026 को आशाटोल गांव से ऋषि कुमार को गिरफ्तार कर लिया। भवानीपुर थानाध्यक्ष शंभू कुमार ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नारायणपुर में स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। इसके बाद उसे आगे की कानूनी प्रक्रिया के तहत पेश किया गया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में शामिल अन्य वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि किसी व्यक्ति पर बच्चा चोरी का महज शक होने पर कानून हाथ में लेकर मारपीट करना गंभीर अपराध है।
