रंगरा। रंगरा प्रखंड भवन के सभागार में गुरुवार को प्रखंड स्तरीय बीस सूत्री की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष भोला मंडल ने की, जबकि सचिव-सह-प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) प्रियंका कुमारी ने मंच संचालन किया। बैठक में क्षेत्र की जनसमस्याओं, विकास योजनाओं और विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई।
Total Downloads: 152
बैठक के दौरान समिति सदस्यों ने जनहित से जुड़े मामलों का त्वरित और पारदर्शी तरीके से समाधान करने पर जोर दिया। सांसद प्रतिनिधि कुमार मिलन सागर ने सांसद अजय कुमार मंडल द्वारा क्षेत्र में किए जा रहे जनकल्याणकारी कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सांसद क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयासरत हैं।
उन्होंने कहा कि समिति की बैठकों में सदस्यों द्वारा जनहित में उठाए जाने वाले सभी मुद्दों और सुझावों को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों के माध्यम से निपटाया जाना चाहिए।

अनुपस्थित अधिकारियों पर सदस्यों ने जताई नाराजगी
बैठक में कई अधिकारियों के अनुपस्थित रहने पर सदस्यों ने नाराजगी जताई। सांसद प्रतिनिधि ने बीडीओ को निर्देश दिया कि बैठक से अनुपस्थित सभी पदाधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर उनसे स्पष्टीकरण मांगा जाए।
इसके साथ ही बैठक में उठाए गए सभी मामलों पर संबंधित विभागों से कार्रवाई रिपोर्ट प्राप्त करने तथा अगली बैठक में अध्यक्ष और सदस्यों के समक्ष लिखित जवाब प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया।
अंचल और पशुपालन विभाग के कार्यों पर सवाल
बैठक में अंचल से जुड़े कई लंबित मामलों को लेकर सदस्यों ने चिंता जताई। सदस्यों ने लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने की मांग की।
उप प्रमुख दिवाकर सिंह ने पशुपालन अस्पताल से संबंधित समस्याओं को लेकर संबंधित पदाधिकारी से सवाल किए। उन्होंने पशुपालन विभाग की व्यवस्था में आवश्यक सुधार किए जाने पर जोर दिया।
प्रखंड प्रमुख संजीव कुमार उर्फ मोती यादव ने कहा कि प्रखंड और पंचायत का विकास तभी संभव है, जब पक्ष और विपक्ष मिलकर क्षेत्रहित में काम करें। उन्होंने अधिकारियों से आम लोगों के कार्यों को निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ पूरा करने की अपील की।
बैठक में समिति के उपाध्यक्ष गौरव कुमार सिंह, प्रखंड प्रमुख संजीव कुमार उर्फ मोती यादव, उप प्रमुख एवं सदस्य दिवाकर सिंह, अखिलेश सिंह निषाद, व्यास जी दास, मनोज मंडल, रवि रंजन, विक्रम सिंह, उमेश चंद्र पटेल, पायल कुमारी और ममता कुमारी समेत अन्य सदस्य उपस्थित रहे। अंचलाधिकारी, थानाध्यक्ष सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी भी बैठक में मौजूद थे।
