नारायणपुर। नारायणपुर प्रखंड के भवानीपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह करीब 6:30 बजे एनएच-31 पर सड़क हादसे में 17 वर्षीय छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद छात्रा को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया।
Total Downloads: 151
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बीरबन्ना की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक पिकअप अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क पर जा रही छात्रा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि छात्रा गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश हो गई।
घायल छात्रा की पहचान नारायणपुर निवासी प्रमोद यादव की 17 वर्षीय पुत्री स्वाति प्रिया के रूप में हुई है। हादसे के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल छात्रा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर पहुंचाया।

प्राथमिक उपचार के बाद छात्रा की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया।
भवानीपुर थानाध्यक्ष शंभू कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सड़क हादसे में एक छात्रा घायल हुई है, जिसे इलाज के लिए भागलपुर भेजा गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को जब्त कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
