नवगछिया। तिनटंगा करारी गांव में शुक्रवार शाम घर से लापता हुई बच्ची को डायल-112 की टीम ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बरामद कर लिया। बच्ची के अचानक गायब होने से परिजन काफी परेशान थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने तत्काल खोजबीन शुरू की और कुछ ही समय में बच्ची को सकुशल खोज निकाला।

जानकारी के अनुसार, सोनाक्षी कुमारी शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे अचानक घर से लापता हो गई। काफी देर तक बच्ची के नजर नहीं आने पर परिजनों ने आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद परिजनों ने डायल-112 को सूचना दी।

सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम सक्रिय हो गई। टीम ने आसपास के संभावित स्थानों पर खोजबीन करने के साथ स्थानीय लोगों से पूछताछ की। लगातार प्रयास के बाद बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। इसके बाद बच्ची को उसकी मां, चाचा धीरज कुमार और ग्रामीणों की मौजूदगी में परिजनों को सौंप दिया गया।

इस कार्रवाई में डायल-112 के चालक अरुण चौधरी भी शामिल रहे। डायल-112 प्रभारी राहुल राज ने बताया कि बच्ची के लापता होने की सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल खोजबीन शुरू की गई थी। टीम का उद्देश्य बच्ची को जल्द से जल्द सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचाना था, जिसमें सफलता मिली।

उन्होंने कहा कि आपात स्थिति में डायल-112 की टीम त्वरित कार्रवाई के लिए हमेशा तत्पर रहती है। किसी व्यक्ति के लापता होने या किसी अन्य संकट की स्थिति में परिजनों को घबराने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना देनी चाहिए।

बच्ची के सुरक्षित मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली। बच्ची के चाचा धीरज कुमार ने पुलिस अधीक्षक और डायल-112 की पूरी टीम के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि बच्ची के लापता होने के बाद परिवार काफी चिंतित था। पुलिस की तत्परता और लगातार प्रयास से बच्ची को सुरक्षित खोजकर परिजनों को सौंप दिया गया।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *