नवगछिया। सावन की अंतिम सोमवारी की रात लोकमानपुर मोड़ के पास आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान बकाया रुपये मांगने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि जातिसूचक गाली का विरोध करने पर 20 वर्षीय युवक आशीष कुमार दास पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया गया। मामले में आशीष ने एससी-एसटी थाना में चार युवकों के खिलाफ लिखित शिकायत दी है।
Total Downloads: 167
आशीष कुमार दास ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 23 अगस्त की रात करीब 10 बजे वह अपने ग्रामीण पंकज दास और राजीव दास के साथ लोकमानपुर मोड़ फोरलेन के पास आयोजित कार्यक्रम देखने गया था। इसी दौरान उसने मनीष कुमार ठाकुर से अपना बकाया एक हजार रुपये मांगा।
आरोप है कि रुपये मांगने पर मनीष कुमार ठाकुर ने आशीष के साथ जातिसूचक गाली-गलौज की। इसका विरोध करने पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। इसी दौरान दीपक कुमार ठाकुर, भोला कुमार ठाकुर समेत अन्य लोग मौके पर पहुंचे और आशीष के साथ मारपीट करने लगे।

आवेदन में आरोप लगाया गया है कि इसी दौरान मनीष कुमार ठाकुर ने छोटी छुरी से आशीष पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। शोर सुनकर पंकज दास और राजीव दास ने बीच-बचाव कर उसे बचाया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और घायल आशीष को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल, नवगछिया ले गए। वहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। घटना के अगले दिन 24 अगस्त को आशीष ने एससी-एसटी थाना में लिखित आवेदन देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
एससी-एसटी थानाध्यक्ष महेश लाल ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस आवेदन में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।
