नवगछिया। नवगछिया पुलिस ने 13 अगस्त को पकरा में हुए राहुल राय हत्याकांड का खुलासा करते हुए नामजद आरोपी विनोद सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी पकरा दोनियों टोला निवासी महेश्वर सिंह का पुत्र है। घटना के बाद से फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

एसआईटी ने तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंच बनाई

हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए नवगछिया पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया था। एसआईटी ने नवगछिया थाना पुलिस और तकनीकी टीम के सहयोग से वैज्ञानिक एवं मानवीय अनुसंधान शुरू किया।

जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और तकनीकी सुरागों के आधार पर पुलिस ने 26 अगस्त को जीरोमाइल से विनोद सिंह को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्याकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

स्मैक बिक्री और वर्चस्व को लेकर था विवाद

पुलिस के अनुसार, राहुल राय का विनोद सिंह और उसके भाई पिन्टु सिंह के साथ स्मैक की बिक्री तथा इलाके में वर्चस्व को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। इसी विवाद ने बाद में हत्या का रूप ले लिया।

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि 13 अगस्त को विनोद सिंह राहुल राय को चाय पीने के बहाने बाइक से पकरा हाई स्कूल के पास ले गया था। वहां पहले से पिन्टु सिंह के अलावा तेतरी निवासी आशीष सिंह, अभिषेक सिंह और खगड़ा निवासी अमर रजक मौजूद थे।

कहासुनी के बाद राहुल को मारी गोली

पकरा हाई स्कूल के पास पुराने विवाद को लेकर राहुल राय और आरोपियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। इसी दौरान राहुल राय को गोली मार दी गई। गोली लगने से राहुल की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद सभी आरोपी वहां से फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में विनोद सिंह ने बताया कि वारदात में इस्तेमाल किया गया कट्टा विक्रमशिला पुल से गंगा नदी में फेंक दिया गया था।

बांका के रजौन पहुंचे थे आरोपी

पुलिस पूछताछ में यह भी जानकारी सामने आई कि हत्या के बाद सभी आरोपी बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र के कोरामा गांव में एक रिश्तेदार के घर पहुंचे थे। वहां से अन्य आरोपी अलग-अलग निकल गए, जबकि विनोद सिंह भी फरार होने की तैयारी में था।

इसी दौरान पुलिस को मिले सुरागों के आधार पर कार्रवाई करते हुए विनोद सिंह को जीरोमाइल से गिरफ्तार कर लिया गया।

फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

एक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को हत्याकांड की अन्य कड़ियों को जोड़ने में महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और हत्या में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान विनोद सिंह, पिता महेश्वर सिंह, निवासी पकरा दोनियों टोला, थाना नवगछिया, जिला भागलपुर के रूप में हुई है।

मामले को लेकर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में नवगछिया एसडीपीओ अनिकेत अमर और अरविंद राय मौजूद रहे।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *