नवगछिया। ट्रेन में हुई मुलाकात के बाद एक नाबालिग लड़की को शादी का झांसा देकर अपने घर ले जाने और करीब 20 दिनों तक वहां रखने का मामला सामने आया है। आरोप है कि इस दौरान युवक ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। बाद में युवक की मां नाबालिग को ट्रेन से दिल्ली ले जा रही थी। इसी दौरान वह किसी तरह ट्रेन से निकल गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने उसे बरामद कर लिया। मामले में नवगछिया महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस के अनुसार, नाबालिग ने अपने बयान में बताया है कि वह अपने परिवार के साथ दिल्ली में रहती है, जबकि उसका पैतृक घर छपरा में है। माता-पिता से विवाद के बाद वह ट्रेन से छपरा जा रही थी। इसी दौरान ट्रेन में उसकी मुलाकात खरीक निवासी मनीष कुमार से हुई। बातचीत के दौरान युवक ने उसे शादी करने का भरोसा दिया और कथित तौर पर अपने घर ले गया।

करीब 20 दिनों तक घर में रखने का आरोप

पुलिस को दिए बयान में नाबालिग ने आरोप लगाया है कि युवक ने उसे करीब 20 दिनों तक अपने घर में रखा। इस दौरान उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए गए। नाबालिग के अनुसार, दोनों घर से भागकर शादी करने की बात सोच रहे थे। इसकी जानकारी युवक ने अपनी मां को दी, जिसके बाद उसकी मां ने इसका विरोध किया।

आरोप है कि इसके बाद युवक की मां वीणा देवी नाबालिग को उसकी इच्छा के बिना ट्रेन से दिल्ली ले जाने लगी। यात्रा के दौरान उसका मोबाइल फोन भी ले लिया गया। मोबाइल वापस नहीं मिलने पर नाबालिग किसी तरह ट्रेन से निकलकर एक बगीचे में चली गई।

बगीचे में मिली नाबालिग, पुलिस को दी सूचना

बगीचे में नाबालिग को अकेले देखकर स्थानीय लोगों ने 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नाबालिग को अपने साथ थाने ले गई। इसके बाद उसके बयान के आधार पर नवगछिया महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई।

पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए युवक की मां वीणा देवी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, आरोपी युवक मनीष कुमार की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत होगी नाबालिग

महिला थाना पुलिस ने नाबालिग के परिजनों को मोबाइल फोन के माध्यम से घटना की जानकारी दी है। पुलिस ने नाबालिग को बाल कल्याण समिति, भागलपुर के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि मामले में प्राथमिकी और नाबालिग के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *