भागलपुर। भागलपुर में शुक्रवार को बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े भाजपा मंडल अध्यक्ष उमा भूषण तांती उर्फ पप्पू तांती (55) की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना बबरगंज थाना क्षेत्र के ठठेरी टोला स्थित मां तारा होटल के पास हुई। बाइक सवार हमलावरों ने पप्पू तांती को रास्ते में रोका और बाइक रुकते ही उनकी कनपटी में गोली मार दी। वारदात के बाद इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है।
Total Downloads: 262
काली स्थान से लौटते समय रोका, फिर मारी गोली
कुतुबगंज वार्ड संख्या 51 निवासी पप्पू तांती, अर्जुन प्रसाद तांती के पुत्र थे। शुक्रवार को वह मोटरसाइकिल से काली स्थान से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मां तारा होटल के समीप बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें हाथ देकर रुकने का इशारा किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक रुकते ही हमलावरों ने पप्पू तांती की कनपटी पर गोली चला दी। गोली लगने के बाद वह बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

सूचना मिलने पर परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और घायल पप्पू तांती को तत्काल जेएलएनएमसीएच मायागंज अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
काली पूजा समिति को लेकर विवाद का आरोप
हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है। परिजनों ने पुलिस को दिए बयान में स्थानीय काली पूजा समिति के अध्यक्ष पद को लेकर विवाद होने का आरोप लगाया है।
परिजनों के अनुसार, पहले शशि मोदी काली पूजा समिति के अध्यक्ष थे। उनके नौकरी में जाने के बाद पप्पू तांती को अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली थी। आरोप है कि शशि मोदी दोबारा अध्यक्ष बनना चाहते थे और इसी को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। परिजनों का यह भी आरोप है कि पप्पू तांती को पूर्व में धमकियां दी गई थीं।
इसके अलावा जमीन की प्लॉटिंग और राजनीतिक वर्चस्व को लेकर भी विवाद की बात सामने आ रही है। परिजनों ने शशि मोदी के भांजे कृष्णा मोदी समेत अन्य लोगों पर हत्या की साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
हत्या की सूचना मिलते ही सिटी डीएसपी टू राकेश कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए और घटना की जांच शुरू कर दी है।
बबरगंज और बरारी थाना की पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर मृतक के परिजनों से भी जानकारी ली। हमलावरों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अपराधियों के भागने वाले संभावित रास्तों की भी जांच की जा रही है।
विधायक पहुंचे अस्पताल, जल्द गिरफ्तारी की मांग
घटना की जानकारी मिलने के बाद नगर के भाजपा विधायक रोहित पांडेय मायागंज अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पप्पू तांती की हत्या पर दुख जताते हुए घटना को बेहद गंभीर बताया। विधायक ने पुलिस अधिकारियों से हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों और वारदात में शामिल लोगों की पहचान को लेकर जांच कर रही है। दिनदहाड़े हुई इस हत्या के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
