न्यायाधीश दंपती पर गोली चलाने वाला मुख्य शूटर भागलपुर में गिरफ्तार, कहलगांव से दबोचा गया मोनू साहनी
भागलपुर। झारखंड के पथरगामा में न्यायाधीश दंपती पर हुई गोलीबारी के मामले में भागलपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने वारदात के मुख्य शूटर मोनू साहनी को कहलगांव थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि न्यायाधीश और उनकी पत्नी पर गोली चलाने में मोनू की मुख्य भूमिका थी।
Total Downloads: 252
मोनू की गिरफ्तारी के बाद भागलपुर पुलिस ने इसकी जानकारी झारखंड पुलिस को दे दी है। अब झारखंड पुलिस आरोपी को अपने कब्जे में लेने के लिए ट्रांजिट रिमांड की प्रक्रिया पूरी करेगी।
जनवरी में बाइक सवार अपराधियों ने की थी फायरिंग
मामला इसी साल जनवरी का है। झारखंड के पथरगामा थाना क्षेत्र में बाइक सवार अपराधियों ने न्यायाधीश और उनकी पत्नी को निशाना बनाकर लगातार फायरिंग की थी। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में हड़कंप मच गया था। घटना के बाद झारखंड पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी थी।

जांच के दौरान इस गोलीकांड के तार भागलपुर के कहलगांव से जुड़ते गए। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद कर ली थी। इसके अलावा एक सहयोगी को भी कहलगांव से गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
हालांकि, मुख्य शूटर मोनू साहनी पुलिस की पकड़ से लगातार बाहर था।
सूचना मिलते ही पुलिस ने बिछाया जाल
भागलपुर SSP प्रमोद कुमार यादव के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि मोनू साहनी कहलगांव थाना क्षेत्र में मौजूद है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने उसका तकनीकी सत्यापन कराया। जानकारी की पुष्टि होने पर पुलिस टीम ने संभावित ठिकाने पर छापेमारी कर मोनू साहनी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में मोनू की भूमिका न्यायाधीश दंपती पर गोली चलाने वाले मुख्य शूटर के रूप में सामने आई है।
अब खुलेगा गोलीकांड की साजिश का राज
मुख्य शूटर की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुट गई है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि न्यायाधीश दंपती को निशाना बनाने के पीछे वजह क्या थी और मोनू ने किसके इशारे पर फायरिंग की थी।
पूछताछ में हथियार उपलब्ध कराने वाले लोगों, वारदात में शामिल अन्य अपराधियों और साजिश में शामिल लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में लगी है कि गोलीकांड से पहले और बाद में आरोपियों को किसने मदद पहुंचाई थी।
बाइक और सहयोगी के बाद मुख्य शूटर भी पुलिस की गिरफ्त में
इस मामले में पुलिस पहले ही वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद कर चुकी है और एक सहयोगी को गिरफ्तार कर चुकी है। अब मुख्य शूटर मोनू साहनी की गिरफ्तारी से जांच को महत्वपूर्ण दिशा मिलने की उम्मीद है।
भागलपुर SSP प्रमोद कुमार यादव के अनुसार, आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। वहीं, झारखंड पुलिस द्वारा ट्रांजिट रिमांड की प्रक्रिया पूरी किए जाने के बाद मोनू को पथरगामा गोलीकांड की जांच के लिए झारखंड ले जाया जाएगा।
