नवगछिया। ज्ञान बिंदु अकैडमी के निदेशक रोशन आनंद ने मंगलवार को सहौरा-मदरौनी के बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचकर सूखा राशन वितरित किया। बाढ़ की स्थिति के बीच ग्रामीण परिवारों की जरूरतों को देखते हुए उन्होंने लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं की जानकारी भी ली।
Total Downloads: 269
इसी दौरान हाल में हुई प्रशांत कुमार की दर्दनाक मौत की जानकारी मिलने पर रोशन आनंद उनके परिजनों से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने प्रशांत के छोटे भाई कृष्ण कुमार को निःशुल्क शिक्षा देने की घोषणा की।
रोशन आनंद ने कहा कि शिक्षा के माध्यम से युवाओं को बेहतर भविष्य की दिशा दी जा सकती है। सहौरा के युवाओं में शिक्षा के प्रति बढ़ते रुझान को देखते हुए उन्होंने गांव में ज्ञान बिंदु लाइब्रेरी स्थापित करने की भी घोषणा की। लाइब्रेरी शुरू होने से स्थानीय छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल और आवश्यक शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध होने की उम्मीद है।

इस पहल पर युवा समाजसेवी शुभम यादव ने हर्ष व्यक्त करते हुए रोशन आनंद के प्रति आभार जताया। उन्होंने उनकी मानव सेवा के प्रति अटूट आस्था और समर्पण की सराहना की।
इस अवसर पर पूर्व मुखिया अशोक यादव, युवा समाजसेवी शुभम यादव, शिव कुमार यादव, संतोष कुमार यादव, अजीत कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
