नवगछिया में धार्मिक आस्था का संगम: दक्षिणेश्वर महाकाली मंदिर में आनंद पूजा, भवानीपुर में 86 साल पुरानी अनंत पूजा संपन्

नवगछिया। जिले में शुक्रवार को विभिन्न धार्मिक आयोजनों के बीच श्रद्धा और आस्था का माहौल देखने को मिला। नवगछिया बाजार के हृदय स्थल में स्थित श्री श्री 108 दक्षिणेश्वर महाकाली मंदिर में आनंद पूजा का आयोजन बड़े धूमधाम और भक्तिमय वातावरण में किया गया। वहीं, रंगरा प्रखंड के भवानीपुर में पिछले 86 वर्षों से चली आ रही ऐतिहासिक अनंत पूजा भी विधि-विधान के साथ संपन्न हुई।

नवगछिया बाजार स्थित दक्षिणेश्वर महाकाली मंदिर में आयोजित आनंद पूजा में मोहन पोद्दार मुख्य यजमान के रूप में शामिल हुए। पंडित श्री राम जी मिश्रा के निर्देशन में पूजा-अर्चना वैदिक विधि-विधान के साथ संपन्न कराई गई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने मां दक्षिणेश्वर महाकाली की पूजा कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

पूजा आयोजन को सफल बनाने में सूचित भगत, लकी कुमार और तनुश्री की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पूजा के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा और श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

भवानीपुर में 86 वर्षों से जारी है अनंत पूजा की परंपरा

इधर, रंगरा प्रखंड के भवानीपुर स्थित मॉडर्न वैभव पब्लिक स्कूल परिसर में पिछले 86 वर्षों से चली आ रही पारंपरिक अनंत पूजा श्रद्धा के साथ संपन्न हुई। इस वर्ष सिंचाई विभाग के सेवानिवृत्त कर्मचारी सुबोध झा मुख्य यजमान की भूमिका में रहे। उन्होंने सपरिवार भगवान अनंत की पूजा-अर्चना की।

अनुष्ठान को वैदिकाचार्य कन्हैया कुमार ने वैदिक विधि-विधान के साथ संपन्न कराया। ऐतिहासिक पूजा में सैकड़ों ग्रामीणों ने हिस्सा लिया और भगवान अनंत का आशीर्वाद लेकर परंपरा के अनुसार अनंत सूत्र धारण किया।

इस अवसर पर अजय किशोर झा, हिमांशु शेखर झा, शिक्षाविद विश्वास झा, अरविंद झा, विशाल कुमार, दिलीप झा और श्री किशोर झा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

पूजा के समापन के बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद के रूप में खीर का वितरण किया गया। दोनों धार्मिक आयोजनों में श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह देखने को मिला।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *