नवगछिया में गंगा का भीषण कटाव, एक दर्जन से अधिक घर नदी में समाए, ढाई सौ परिवारों पर मंडराया खतरा

नवगछिया। नारायणपुर प्रखंड क्षेत्र की बैकठपुर दुधैला पंचायत के वार्ड नंबर 9 स्थित कसमाबाद गांव में गंगा की उपधारा का भीषण कटाव जारी है। नदी की तेज धारा और लगातार हो रहे भू-कटाव के कारण रविवार से सोमवार के बीच एक दर्जन से अधिक घर नदी में विलीन हो गए। कटाव की रफ्तार को देखते हुए तटवर्ती इलाके के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

नदी की उग्र लहरों को अपने घरों की ओर बढ़ता देख कई परिवार खुद ही अपने मकानों को तोड़कर जरूरी सामान निकाल रहे हैं। ग्रामीण गांव के समीप ही अस्थायी झोपड़ी बनाकर रहने को मजबूर हो गए हैं।

रविवार से लगातार जारी है कटाव

स्थानीय युवक बिट्टू मंडल ने बताया कि गंगा की उपधारा में कटाव रविवार दोपहर से शुरू हुआ था, जो सोमवार तक लगातार जारी रहा। ग्रामीण विकास मंडल के अनुसार रविवार दोपहर से सोमवार दोपहर के बीच संजय मंडल, पप्पू मंडल, विजो मंडल, उजारी मंडल, कंती मंडल, शंभु मंडल, विनोद मंडल, सचिन मंडल, होरिल मंडल और नीतिश मंडल समेत एक दर्जन से अधिक परिवारों के घर नदी में समा गए।

कटाव के कारण घरों के नदी में विलीन होने का सिलसिला जारी रहने से आसपास के परिवार भी भयभीत हैं।

सामान बचाने के लिए खुद तोड़ रहे घर

कटाव की बढ़ती रफ्तार को देखते हुए नदी किनारे बसे अन्य परिवार भी अपने घरों को खुद तोड़ने में जुट गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते घरों से जरूरी सामान और निर्माण सामग्री नहीं निकाली गई तो सब कुछ नदी में समा सकता है।

ग्रामीणों ने बताया कि पिछले वर्ष भी इस इलाके में भीषण कटाव हुआ था। उस दौरान दो दर्जन से अधिक मकान नदी में बह गए थे। ग्रामीणों के अनुसार बाढ़ प्रमंडल के पदाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया था, लेकिन स्थायी कटाव निरोधी अथवा राहत कार्य नहीं होने से समस्या बनी रही। अब एक बार फिर कटाव शुरू होने से ग्रामीणों के सामने विस्थापन का संकट खड़ा हो गया है।

250 से अधिक घरों पर मंडरा रहा खतरा

वार्ड सदस्य अभय कुमार उर्फ गुड्डू मंडल ने बताया कि कसमाबाद गांव में करीब 250 से अधिक घर हैं, जिनमें 1500 से ज्यादा लोग रहते हैं। अधिकांश ग्रामीण खेती-किसानी और मजदूरी पर निर्भर हैं। उन्होंने कहा कि यदि कटाव को रोकने के लिए तत्काल सुरक्षात्मक कार्य शुरू नहीं किए गए तो आने वाले दिनों में बड़ी आबादी प्रभावित हो सकती है और पूरा गांव खतरे की जद में आ सकता है।

राहत-बचाव के लिए विभागीय कार्रवाई शुरू

मामले को लेकर नारायणपुर के अंचलाधिकारी (सीओ) आशीष कुमार ने बताया कि ग्राम पंचायत के मुखिया के माध्यम से कसमाबाद में कटाव की सूचना प्राप्त हुई है। प्रभावित क्षेत्र में राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराने को लेकर संबंधित विभाग के साथ समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *