डाकघर में रुपये जमा करने पहुंचे व्यक्ति से एक लाख रुपये की छीनतई

काउंटर पर स्टाफ नहीं रहने के दौरान साइड में खड़े थे नीरज कुमार, बातचीत के दौरान झोला छीनकर भागने का आरोप; सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान में जुटी पुलिस

नवगछिया। नवगछिया बाजार स्थित डाकघर परिसर में मंगलवार को रुपये जमा करने पहुंचे एक व्यक्ति से एक लाख रुपये छीन लिए जाने का मामला सामने आया है। घटना नवगछिया थाना क्षेत्र के राजेंद्र कॉलोनी निवासी 52 वर्षीय नीरज कुमार के साथ हुई। नीरज कुमार ने घटना को लेकर नवगछिया थाने में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

नीरज कुमार के अनुसार, वह 29 सितंबर को करीब 11:45 बजे एक लाख रुपये जमा करने के लिए नवगछिया डाकघर पहुंचे थे। रुपये एक झोले में रखे थे। वह डाकघर के काउंटर पर रुपये जमा करने के लिए खड़े थे, लेकिन उस समय काउंटर पर स्टाफ मौजूद नहीं था। इसके बाद वह काउंटर के पास ही साइड में खड़े होकर स्टाफ के आने का इंतजार करने लगे।

इसी दौरान एक अधेड़ व्यक्ति उनके पास आकर खड़ा हो गया। दोनों के बीच बातचीत होने लगी। बातचीत के दौरान एक अन्य व्यक्ति भी वहां पहुंच गया। नीरज कुमार का आरोप है कि इसी दौरान पास खड़े अधेड़ व्यक्ति ने मौका पाकर उनके हाथ से एक लाख रुपये से भरा झोला छीन लिया और तेजी से वहां से निकल गया।

घटना के बाद नीरज कुमार ने डाकघर कर्मियों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद वह नवगछिया थाना पहुंचे और पुलिस को लिखित आवेदन देकर मामले में कार्रवाई की मांग की।

सीसीटीवी में झोला लेकर तेजी से निकलता दिखा संदिग्ध

घटना के बाद पुलिस ने डाकघर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज में एक अधेड़ व्यक्ति झोला लेकर डाकघर से तेजी से बाहर निकलता दिखाई दे रहा है। इसके बाद वह सड़क की ओर जाते हुए कैमरे की नजर से ओझल हो जाता है। पुलिस फुटेज के आधार पर संदिग्ध व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है।

आरोपी की पहचान के प्रयास में जुटी पुलिस

नवगछिया थानाध्यक्ष अरविंद कुमार राय ने बताया कि घटना को लेकर लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। डाकघर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पहचान होने के बाद मामले में नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *