नारायणपुर में दर्दनाक हादसा: नदी में डूबने से चार साल के बच्चे की मौत, परिवार में मचा कोहराम
नारायणपुर। भवानीपुर थाना क्षेत्र के मधुरापुर बाजार नदीपार में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसे में चार साल के बच्चे की नदी में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान मधुरापुर बाजार नदीपार निवासी मोहम्मद कासिम के पुत्र मो. आसिफ के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
Total Downloads: 360
बताया गया कि आसिफ शाम के समय घर से खेलने के लिए निकला था। काफी देर तक जब वह वापस घर नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद परिवार के लोगों ने आसपास उसकी तलाश शुरू कर दी।
तलाश के दौरान परिजनों की नजर घर के पीछे नदी की ओर गई, जहां बच्चा पानी में डूबता हुआ दिखाई दिया। परिजनों और आसपास के लोगों ने तत्काल उसे नदी से बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। पानी से बाहर निकालने के बाद बच्चे को बचाया नहीं जा सका।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही भवानीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
आसिफ चार भाई-बहनों में एक था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है।
पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग
घटना के बाद कांग्रेस नेता प्रो. अयूब अली और मोहम्मद जब्बार ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की अपील की है।
ग्रामीणों ने भी प्रशासन से नदी किनारे रहने वाले परिवारों के बच्चों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।
