गंगा का जलस्तर घटा, लेकिन यात्रियों की परेशानी बरकरार; जहाज घाट तक दलदल में सफर

नवगछिया। विक्रमशिला सेतु पर मरम्मत कार्य के चलते नवगछिया और भागलपुर के बीच आवागमन के लिए जलमार्ग ही लोगों का मुख्य सहारा बना हुआ है। सोमवार शाम तक गंगा के जलस्तर में करीब 10 सेंटीमीटर की कमी दर्ज की गई। इससे बाढ़ का पानी कुछ पीछे जरूर हटा है, लेकिन जहाज घाट तक पहुंचने वाले यात्रियों की मुश्किलें कम नहीं हुई हैं।

जाह्नवी चौक से जहाज घाट तक पहुंच पथ की हालत बेहद खराब है। रास्ते में जगह-जगह दलदल, जलजमाव और गंदगी के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पानी जमा होने से आसपास भयानक बदबू भी फैल रही है। कीचड़ और गंदे पानी के कारण जलजनित बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।

दलदली रास्ते से एक किलोमीटर सफर

दोपहिया वाहनों के प्रवेश पर रोक के कारण बुजुर्ग, महिलाएं, बच्चे और मरीजों को करीब एक किलोमीटर की दूरी पैदल तय कर घाट तक पहुंचना पड़ रहा है। दलदली रास्ते से गुजरने के बाद यात्रियों को नाव और स्टीमर के लिए तेज धूप में घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।

सबसे अधिक परेशानी दूध, सब्जी और केला कारोबारियों को हो रही है। रोजाना सामान लेकर भागलपुर आने-जाने वाले कारोबारियों का समय और खर्च दोनों बढ़ गया है।

यात्रियों की परेशानी को देखते हुए प्रशासन की ओर से पहुंच पथ पर ट्रैक्टर की व्यवस्था की गई है, ताकि लोगों को दलदली रास्ते से घाट तक पहुंचने में कुछ राहत मिल सके।

जहाज घाट से लौटते ही टोटो का जाम

जहाज घाट से यात्रियों के लौटने के समय जाह्नवी चौक पर टोटो चालकों के बीच यात्रियों को बैठाने की होड़ लग जाती है। कई चालक बीच सड़क पर ही वाहन खड़ा कर देते हैं। इससे जाह्नवी चौक पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है।

जाम हटाने में पुलिस जवानों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। यात्रियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बन रही है। इससे परेशान यात्रियों ने एसपी से अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती करने और टोटो चालकों की मनमानी पर रोक लगाने की मांग की है।

अवैध वसूली की शिकायत पर कार्रवाई के निर्देश

घाट पर तैनात दंडाधिकारी सुधीर कुमार लगातार व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। यात्रियों से ट्रैक्टर के नाम पर अवैध वसूली की शिकायत मिलने पर उन्होंने संबंधित कर्मियों को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

वहीं, नवगछिया एसपी वैभव शर्मा, एसडीओ के. परीक्षित और खरीक बीडीओ मोना कुमारी सोनी लगातार घाट और पहुंच पथ का निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं।

गंगा का जलस्तर भले ही घट रहा हो, लेकिन जहाज घाट तक खराब पहुंच पथ, यात्रियों की भीड़ और जाह्नवी चौक पर जाम ने नवगछिया-भागलपुर के बीच जलमार्ग से सफर करने वालों की परेशानी अभी भी बरकरार रखी है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

deneme bonusu