गौरीपुर में 24 नवंबर से शुरू होगा भगवान कार्तिकेय पूजा एवं मेला, दंगल और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आकर्षण
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर तीन दिवसीय आयोजन की तैयारी शुरू, 25 और 26 नवंबर को होगा दंगल; 27 नवंबर की सुबह प्रतिमा का विसर्जन
नवगछिया। बिहपुर प्रखंड के गौरीपुर में भगवान कार्तिकेय पूजा एवं भव्य मेले का आयोजन 24 से 26 नवंबर तक किया जाएगा। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित होने वाले इस धार्मिक महोत्सव को लेकर ग्रामीणों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। गुरुवार को मेले के सफल आयोजन को लेकर ग्रामीणों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें आयोजन की रूपरेखा और विभिन्न व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।
प्रधान पुजारी अजय झा ने बताया कि भगवान कार्तिकेय की पूजा-अर्चना के साथ तीन दिवसीय मेले का आयोजन होगा। मेले के दौरान 25 और 26 नवंबर को दंगल प्रतियोगिता तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दंगल में पहलवानों के बीच रोमांचक मुकाबले होंगे, वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से श्रद्धालुओं और दर्शकों का मनोरंजन किया जाएगा।

मूढ़ी और शक्कर की मिठाई का चढ़ता है भोग
गौरीपुर में भगवान कार्तिकेय की पूजा की एक विशेष परंपरा है। यहां भगवान को मूढ़ी और शक्कर से तैयार की गई मिठाई का भोग अर्पित किया जाता है। इस परंपरा को लेकर स्थानीय श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह रहता है।
27 नवंबर को होगा प्रतिमा विसर्जन
आयोजन के तहत 24 से 26 नवंबर तक पूजा और मेले की रौनक रहेगी। इसके बाद 27 नवंबर की सुबह भगवान कार्तिकेय की प्रतिमा का विधिवत विसर्जन किया जाएगा। ग्रामीण आयोजन को सफल बनाने में जुटे हैं।
