गोपालपुर : 38दिनों बाद कड़ी सुरक्षा के बीच शिक्षक शंभू मंडल की हत्या के बाद फकरतकिया स्थित बाबू टोला कमलाकुंड मध्य व प्राथमिक विद्यालय का ताला शिक्षक सम्न्व्य समिति के सदस्यों, बीडीओ, सीओ, थानाध्यक्ष, प्रमुख प्रतिनिधि, स्थानीय सरपंच व मुखिया की उपस्थिति में सोमवार को नौ बजे दिन में शिक्षकों द्वारा खोला गया. बताते चलें कि एक अप्रैल को उक्त विद्यालय में बेखौफ अपराधियों ने जमीन विवाद के लेकर शिक्षक शंभू मंडल को घुसकर गोली मार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था.
Total Downloads: 72
इलाज के दौरान शिक्षक शंभू मंडल की मौत मायागंज अस्पताल में उसी दिन हो गई थी. शिक्षक शंभू मंडल की निर्मम हत्या के बाद भयभीत शिक्षकों ने उक्त विद्यालय में पठन-पाठन करने से इनकार कर बीआरसी में योगदान कर लिया. शिक्षकों के द्वारा विद्यालय नहीं खोले जाने के कारण लगभग 37-38दिनों तक विद्यालय में पठन-पाठन ठप रहा और एमडीएम से भी वंचित रहे. हालाँकि प्रशासनिक पदाघिकारियों द्वारा कई बार विद्यालय को खोले जाने हेतु शिक्षक सम्न्व्य समिति के सदस्यों व वहाँ कार्यरत शिक्षकों के साथ बैठक किया. परन्तु बिना पर्याप्त सुरक्षा के शिक्षकों ने उक्त विद्यालय में पठन-पाठन शुरु करने से इन्कार कर दिया. विद्यालय के बंद रहने से पाँचवीं व आठवीं कक्षा के छात्र-छात्राएँ टीसी नहीं मिलने के कारण आगे की कक्षा में नामांकन नहीं करवा पा रहे थे. आक्रोशित छात्र -छात्राओं ने सड़क जाम कर अपने गुस्से का इजहार कर ततकाल टीसी देने की माँग प्रशासनिक पदाघिकारियों व शिक्षकों से किया. छात्रों के सड़क जाम के बाद पुनः एसडीओ डा आदित्य प्रकाश ने शिक्षक सम्न्व्य समिति के सदस्यों व उक्त विद्यालयों के शिक्षकों से छात्रों के हित में बैठक कर आठ मई से विद्यालय में पठन-पाठन शुरु करने का निर्णय लिया.
बैठक में लिये गये निर्णय के आलोक में सोमवार आठ मई को विद्यालय का ताला खोलकर साफ-सफाई के बाद प्रार्थना कर विधिवत विद्यालय के पठन-पाठन की शुरुआत की गई. साथ ही मध्याह्न भोजन की व्यवस्था की गई. बीडीओ डा रत्ना श्रीवास्तव, सीओ अनिल कुमार, थानाध्यक्ष शिव कुमार यादव, दारोग़ा प्रेम कुमार, भागलपुर जिला प्राथमिक शिक्षक संघ के उप प्रधान सचिव युगेश कुमार, सचिव सुबोध चन्द्र यादव, बिहार पंचायत नगर प्रारंभिक शिक्षक संघ के प्रखंड अध्यक्ष अनिल कुमार अनल, सचिव नितिश नयन, राज्य प्रतिनिधि अनिल कुमार शिक्षक आशुतोष मिश्रा व विरेन्द्र कुमार यादव, प्रमुख पति मुकेश मंडल, मुखिया मीतु कुमारी सरपंच मनोज यादव, अमर यादव सहित भारी संख्या में पुलिस बलों की मौजूदगी देखी गई.
थानाध्यक्ष शिव कुमार यादव ने बताया कि फिलहाल डीएपी के दो जवानों व चार चौकीदारों की प्रतिनियुक्ति शिक्षकों की सुरक्षा हेतु किया गया है. उन्होंने कहा कि बराबर गश्ती भी करने का निर्देश दिया गया है. इस मौके पर कई छात्रों को बीडीओ के द्वारा टीसी भी दिया गया. मिली जानकारी के अनुसार मध्य विद्यालय में 252 बच्चे नामांकित हैं. जबकि शिक्षक मात्र पाँच हैं. प्राथमिक विद्यालय में मात्र55बच्चे नामांकित हैं. शिक्षकों की संख्या छह है.

