नारायणपुर : भवानीपुर थाना क्षेत्र के बलहा गांव में एक शादी समारोह में दो पक्षों के बीच जमकर गोलीबारी व पथराव होने की सूचना है. ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस की मौजूदगी में विवाह संपन्न कराया गया और सोमवार को सुबह लड़की की विदाई कराई गई. पुलिस ने स्थल से तीन खोखा भी बरामद किया है. मामले की प्राथमिकी लड़की के पिता शंभू यादव के बयान पर भवानीपुर ओपी में दर्ज कर ली गई है. दर्ज प्राथमिकी में बलहा गांव के ही वरुण यादव, राजा यादव, शंकर यादव, रंजीत यादव, रीतू यादव, शुभम यादव, अंगराज यादव को नामजद किया गया है.
पुलिस ने मामले की प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है. घटना के वक्त सहरसा से आई बारात में शामिल सभी लोग लड़की के घर और जनवासा से जान बचाकर भागे और नारायणपुर स्टेशन व मथुरापुर बाजार में अपने सगे संबंधियों के यहां रहकर किसी तरह रात गुजारा और सुबह सहरसा के लिए रवाना हुए. कुछ बारातियों के घायल होने की भी सूचना है. भवानीपुर ओपी थाने में दर्ज प्राथमिकी में लड़की के पिता शंभू यादव का कहना है कि उसी के गांव का वरुण यादव रिश्ते में उसका भाई लगता है. रविवार को सुबह से ही वह कह रहा था कि तुम अपनी पुत्री का शादी मत करवाओ उससे शादी मैं करुंगा.

शंभू यादव का कहना है कि वह वरुण से बार-बार कह रहे थे कि तुम रिश्ते में लड़की के चाचा लगते हो इसलिए यह तो असंभव है. रविवार को सुबह से ही वरुण और उसके सहयोगी बार बार धमकी दे रहे थे कि अगर शादी नहीं रोका गया तो वह लोग शादी नहीं होने देंगे और लड़के को मंडप पर ही गोली मार देंगे. गांव के अन्य लोग भी वरुण और उसके सहयोगियों को समझा बुझा रहे थे लेकिन वरुण ने किसी की बात न माना. रविवार की रात जब गांव में बारात आई तो खाना खाने के वक्त ही वरुण और उसके सहयोगियो ने पथराव शुरु कर दिया. पथराव शुरु होते ही सभी बाराती घर से भाग गए. कुछ लोगों को चोटें भी आई. समाज के कुछ ग्रामीणों ने वरुण व उसके सहयोगियों द्वारा किए जा रहे पथराव का विरोध किया तो वह लोग और आग बबूला हो गए और गोलीबारी शुरू कर दिए करीब 15 राउंड गोलियां चलाई गई. गनीमत थी पहली गोली की आवाज सुनते ही आसपास के भी सभी ग्रामीण भाग खड़े हुए और किसी को गोली लगी नहीं. इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस को देखकर सभी असमाजिक तत्व भाग गए इसके बाद पुलिस निगरानी में विवाह संपन्न कराया गया और सुबह लड़की की विदाई कराई गई. पूरे मामले पर थानाध्यक्ष जयंत प्रकाश ने जानकारी देते हुए बताया कि मामले की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस जल्द ही सभी असमाजिक तत्वों को गिरफ्तार कर लेगी.


