रोहतक की सोनारिया जेल में बंद डेरा मुखी राम रहीम को लेकर सोशल मीडिया पर तमाम अफवाहें चल रही हैं। इसमें बताया जा रहा है कि जेल में असली गुरमीत सिंह नहीं, बल्कि उसका हमशक्ल बंद है। जबकि पुलिस छापेमारी के बीच डेरा मुखी की मुंहबोली बेटी हनीप्रीत की ओर से सोशल मीडिया पर जारी एक कथित पत्र में कहा जा रहा कि वह पूरी तरह सुरक्षित है।
Total Downloads: 72
एक तरफ हरियाणा पुलिस हनीप्रीत की तलाश में छापेमारी कर रही है तो वहीं हनीप्रीत का दावा है कि वह तीन डेरा प्रेमियों के साथ सुरक्षित है। इसके अलावा एक निजी टीवी चैनल द्वारा जेल में राम रहीम के डुप्लीकेट के होने की आशंका की खबर चलाए जाने के बाद सोशल मीडिया में राम रहीम की तस्वीर वायरल कर उसके नकली होने का दावा किया जा रहा है। यह घटना ऐसे समय में हो रही है, जब पुलिस इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर पूरी निगरानी करने का दावा कर रही है।
पिछले दो दिनों से कई व्हाट्सएप ग्रुप में एक तस्वीर वायरल हो रही, जिसमें यह कहा जा रहा है कि जेल में बंद राम रहीम असली नहीं उसका डुप्लीकेट है। उसका नाम पाशा विद्या बताया जा रहा है। दावे को सच साबित करने के लिए राम रहीम की उस फोटो को आधार बनाया गया है, जिसमें हरियाणा के शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा डेरामुखी को दंडवत कर रहे हैं। फोटो में राम रहीम की दाढ़ी और बाल बहुत छोटे दिखाए गए हैं, जबकि जेल में बंद राम रहीम की दाढ़ी और बाल खासे लंबे थे।

हनीप्रीत की चिट्ठी वायरल
सोशल मीडिया में हनीप्रीत इंसा के बारे में यह खबरें चल रही हैं कि वह विदेश भाग चुकी है। इसके साथ एक चिट्ठी दिखाई जा रही जिसमें हनीप्रीत के बारे में लिखा है कि वह फतेहाबाद निवासी विकास के साथ जा रही है और सुरक्षित है। इस पत्र में रोहतक निवासी संजय, झज्जर निवासी जितेंद्र कुमार और हिसार निवासी वेदप्रकाश के हस्ताक्षर हैं।
यह तीनों वही व्यक्ति हैं, जिनके बारे में यह कहा जा रहा है कि बीती 25 अगस्त की रात हनीप्रीत जेल से बाहर आकर इन्हीं तीनों के साथ गई थी। जेल से बाहर तीनों व्यक्तियों के साथ खड़ी हनीप्रीत का एक वीडियो और फोटो भी वायरल हुआ है। इसमें हनीप्रीत ने वही कपड़े पहने हुए हैं, जो उसने पंचकूला से हेलीकॉप्टर में सवार होते समय पहने थे।

