राजद सुप्रीमो लालू यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए कहा है कि रात में तो उल्लू को नहीं दिखता है, राजद की रैली तो दिन में हुई थी लेकिन भीड़ नीतीश कुमार को दिखी नहीं और वो रैली के बारे में अनाप-शनाप बोल रहे हैं।

दरअसल, नीतीश कुमार ने कल मीडिया को संबोधित करते हुए राजद की रैली को पारिवारिक उत्सव बताते हुए तंज कसा कि रैली में आयी भीड का काेई मतलब नहीं था। लोगों ने देखा कि किस तरह से फोटो शॉप कर वाह-वाही लूटने का प्रयास किया गया, लेकिन वो तो फेल हो गया। लालू ने कहा कि दिन में हुई थी रैली और नीतीश कुमार भी तो पटना में ही था, आकर देखता कि कैसी भीड़ थी?

नीतीश ने कहा- मीडिया के डार्लिंग हैं लालू, दिया जवाब

मंत्रिमंडल में शामिल नहीं होने की खबर पर आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के लगातार हमलों से आहत नीतीश कुमार ने कहा कि वह तो मीडिया के डार्लिंग हैं वो जो भी कहेंगे वो छपेगा और इसमें डार्लिंग को मौका मिल गया। लालू पर निशाना साधते हुए नीतीश ने कहा कि कैसे-कैसे अपमानजनक और कटु शब्दों का प्रयोग किया जा रहा है, मैं सब देख रहा हूं लेकिन मेरी इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं है।

लालू ने कहा कि अभी बीजेपी के साथ जाकर ज्यादा चहक रहे हैं, लेकिन वो जानते नहीं हैं कि उनकी उल्टी गिनती शुरू हो गई है जल्दी ही बीजेपी उनको धक्का देकर भगाएगी और मुख्यमंत्री अपने नेता को बनाएगी। धीरे-धीरे देखते जाईए क्या-क्या होता है?

लालू ने कहा कि बीजेपी नीतीश कुमार से चुन-चुनकर बदला लेगी, तब समझ में आएगा, अभी तो केंद्रीय मंत्रिमंडल में ही इनको नहीं बुलाया, इससे ही समझ आ जाना चाहिए कि नीतीश का दिन अब खराब होने वाला है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *