गर्ल्स हॉस्टल में देर रात बिना महिलाकर्मी के पहुंचे पुलिस वाले छात्राओं से कहा-खाली करो हॉस्टल, यह सब होता ही रहता है।

पूर्व मेयर वीणा यादव के हॉस्टल में शुक्रवार को एक छात्रा से रसोइया संजय के दुष्कर्म की कोशिश का मामला सामने आने के बाद पुलिस भी पूरे मामले काे रफा-दफा करने में जुट गई है। बरारी पुलिस के तीन जवान बिना महिला पुलिसकर्मी के रात 9 बजे हॉस्टल पहुंचे। पुलिसकर्मी विजय झा व अन्य जवान ने छात्राओं को धमकी दी और हॉस्टल खाली करने के लिए कहा। पुलिस के साथ सादे कपड़े में एक अन्य व्यक्ति भी था। उसने अपना नाम धनंजय यादव बताया। रात में पुलिस को देख छात्राएं डर गईं।

बरारी थाने के तीनों पुलिसकर्मियों ने छात्राओं से कहा, तुमलोग यहां पढ़ने आई हो या क्रांति करने? लड़की हो तो यह सब होता ही रहता है। तुमलोग जल्दी हॉस्टल खाली करके जाओ। इसी में तुम्हारी भलाई है। छात्राओं ने जब विरोध किया तो पुलिसकर्मियों ने उन्हें अपशब्द कहते हुए कहा तुम्हें कष्ट होगा। इससे पहले शाम 7 बजे भी पुलिसकर्मी पहुंचे थे। उस वक्त पुलिस ने कहा था कि वे वीणा यादव के घर जा रहे हैं।

बिना महिला पुलिसकर्मी के पुलिस गर्ल्स हाॅस्टल में नहीं जा सकती। यह गलत है। मामले की जांच करवाऊंगा। कार्रवाई होगी।

– मनोज कुमार, एसएसपी

पूर्व मेयर वीणा यादव के रवैये से असुरक्षित पांच छात्राओं ने छोड़ा ज्ञानदीप हॉस्टल, पीड़िता ने रूम किया खाली

पूर्व मेयर वीणा यादव के ज्ञानदीप हाईटेक गर्ल्स हॉस्टल की पीड़ित छात्रा ने शनिवार को हॉस्टल छोड़ दिया। उसने कहा मुझे इस हॉस्टल में किसी पर विश्वास नहीं है। उसके साथ ही चार अन्य छात्राओं ने भी हॉस्टल छोड़ दिया। पीड़िता ने कहा कि यहां छात्राओं को प्रताड़ित किया जाता है। उसने आरोपी रसोइए संजय को भगाने का आरोप हॉस्टल संचालिका डॉ. वीणा यादव पर लगाया। छात्राओं ने कहा कि संजय गंदी हरकतें करता था। मगर वीणा यादव रौब दिखाकर चुप करा देती थीं। बीते सप्ताह एक छात्रा ने संजय की बुरी हरकत पर उसे थप्पड़ भी मारा था। छात्राओं ने बताया कि संजय उन पर आते जाते भद्दे कमेंट्स करता था। गलत ढंग से छूता था, हाथ पकड़ता था। इधर, छात्राओं का बयान लेने के लिए आदमपुर पुलिस पहुंची, लेकिन इस दौरान हॉस्टल से वार्डन समेत अन्य कर्मचारी हॉस्टल छोड़कर चले गए।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *