प्रतिष्ठित परिवार की महिलाओं और युवतियों से संपर्क कर उनकी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने वाले मुजफ्फरपुर निवासी जालसाज रजनीश राजपूत को कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को मौर्यलोक परिसर से गिरफ्तार कर लिया।

शातिर रजनीश खुद को पुलिस अधिकारियों और नेताओं का करीबी बताकर युवतियों को सेक्स रैकेट में फंसाने की धमकी देता था। साथ ही फोटो के साथ छेड़छाड़ कर उसे वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करता था।

15 साल में सौ से अधिक युवतियों से ठगी 

एसएसपी मनु महाराज ने बताया कि तीन चार दिन पूर्व आधा दर्जन से अधिक महिलाओं ने लिखित  शिकायत की थी। जांच में मामला सही पाया गया और रजनीश को गिरफ्तार कर लिया। रजनीश करीब 15 साल से इस धंधे में था।

वह पटना में उन्हीं युवतियों और महिलाओं को निशाने पर लेता था जो प्रतिष्ठित परिवार की हों और उनके घर के ज्यादातर सदस्य दूसरे राज्य या विदेश में रहते हों। शुरुआत में वह ऐसी महिलाओं से संपर्क कर अनाथ आश्रम के संचालन के लिए संस्थान के नाम पर पैसे मांगता था।

इसके अलावा वह सोशल मीडिया पर एक्टिव महिलाओं की प्रोफाइल खंगालता था। युवतियों के फेसबुक से उनकी फोटो डाउनलोड कर लेता था। फिर उनसे संपर्क करता था। खुद को पुलिस अधिकारियों का करीबी बताकर युवतियों को सेक्स रैकेट सहित गलत काम में फंसाने की धमकी देता था। बदले में वह पैसा मांगता था।

पैसा नहीं देने पर फेसबुक की फोटो के साथ छेड़छाड़ कर संबंधित युवती के वाट्सएप नंबर पर उनकी फोटो भेजता था। पैसे देने में आनाकानी करने पर वह उनकी अश्लील फोटो को सार्वजनिक करने की धमकी देता था। अब तक सौ से अधिक महिला-युवतियों को उसने इस तरह चूना लगा चुका है।

नौकरी दिलाने और संस्था के नाम पर वसूली 

रजनीश मूल रूप से मुजफ्फरपुर के गायघाट थानाक्षेत्र के केवटसाह का निवासी है। वह खुद को बिहार के एक डीआइजी का भाई बताता था। पुलिस की पूछताछ में उसने बताया कि उसके चंगुल में डॉक्टर, इंजीनियर से लेकर कई बड़े घरानों की महिलाएं थीं। उनसे अनाथ आश्रम में बच्चों की मदद के नाम पर 50 हजार से लेकर एक-एक लाख रुपये की ठगी कर चुका है। हाल ही में उसने एक युवक से नौकरी दिलाने के नाम पर 30 हजार रुपये ठग लिए।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *