नवगछिया। रंगरा थाना क्षेत्र के बनिया गांव में बाढ़ और नदी के बढ़ते दबाव को देखते हुए शनिवार को प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारियों ने ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। भागलपुर प्रमंडल के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, पुलिस महानिरीक्षक विवेक कुमार, भागलपुर की जिलाधिकारी अलंकृता पाण्डेय और नवगछिया एसपी वैभव शर्मा ने संयुक्त रूप से बनिया बांध का निरीक्षण किया।
Total Downloads: 256
अधिकारियों ने तटबंध पर नदी के बढ़ते दबाव, संभावित कटाव वाले स्थानों और सुरक्षा व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की। इस दौरान जल संसाधन विभाग और स्थानीय अधिकारियों से बांध की मौजूदा स्थिति और जलस्तर से जुड़ी जानकारी ली गई।
संवेदनशील हिस्सों का पैदल किया निरीक्षण
अधिकारियों ने बनिया बांध के संवेदनशील हिस्सों का पैदल निरीक्षण किया। आयुक्त प्रेम सिंह मीणा और डीएम अलंकृता पाण्डेय ने अधिकारियों से नदी के जलस्तर और तटबंध की स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों ने किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए पहले से तैयारी रखने पर जोर दिया।

आईजी विवेक कुमार ने पुलिस अधिकारियों को तटबंध की निगरानी में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त और निगरानी बनाए रखने को कहा।
जलस्तर में बदलाव पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश
अधिकारियों ने मौके पर मौजूद पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जलस्तर में किसी भी तरह का अप्रत्याशित बदलाव होने पर तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी जाए। साथ ही राहत और बचाव दल को पूरी तरह तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों तक तत्काल मदद पहुंचाई जा सके।
तटबंध की निगरानी के लिए पुलिस और प्रशासनिक टीमों को अलर्ट मोड में रहने को कहा गया है।
एसपी वैभव शर्मा खुद कर रहे लगातार मॉनिटरिंग
बाढ़ प्रभावित इलाकों और तटबंधों की सुरक्षा को लेकर नवगछिया एसपी वैभव शर्मा लगातार सक्रिय हैं। वे स्वयं प्रभावित क्षेत्रों और संवेदनशील तटबंधों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं।
रंगरा सहित आसपास के थाना क्षेत्रों की पुलिस को भी तटबंधों पर गश्त बढ़ाने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।
राहत-बचाव की तैयारियां भी तेज
तटबंध पर निगरानी और राहत-बचाव के लिए जरूरी संसाधनों को तैयार रखा गया है। संवेदनशील स्थानों पर रोशनी की व्यवस्था, लाइफ जैकेट और अन्य जरूरी उपकरणों के साथ संबंधित टीमों को अलर्ट रहने को कहा गया है।
पिछले कुछ दिनों से नदी के बढ़ते जलस्तर और तटबंध पर पानी के दबाव को लेकर बनिया और आसपास के गांवों के लोगों में चिंता बनी हुई थी। आला अधिकारियों के सीधे मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करने और निगरानी बढ़ाने से ग्रामीणों को राहत मिली है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
