नवगछिया। खरीक प्रखंड के राघोपुर बांध में हो रहे कटाव को लेकर रविवार को भागलपुर जिले के प्रभारी मंत्री नीतीश मिश्रा ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बांध की मौजूदा स्थिति देखी और मौके पर मौजूद जल संसाधन विभाग व जिला प्रशासन के अधिकारियों से कटावरोधी कार्यों की जानकारी ली।
Total Downloads: 262
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने नवगछिया के अनुमंडल पदाधिकारी परीक्षित से भी बाढ़ और कटाव के कारण उत्पन्न स्थिति के संबंध में जानकारी ली। अधिकारियों ने उन्हें बांध की संवेदनशील स्थिति, अब तक किए गए बचाव कार्य और आगे की कार्ययोजना से अवगत कराया।
कटावरोधी कार्य तेज करने का निर्देश
प्रभारी मंत्री ने जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता से कटाव की स्थिति और बांध की सुरक्षा को लेकर किए जा रहे उपायों की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक संसाधनों के साथ कटावरोधी कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।

मंत्री ने स्पष्ट कहा कि बांध की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखने और जलस्तर व कटाव की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने का भी निर्देश दिया गया।
ग्रामीणों ने सड़क निर्माण का मुद्दा उठाया
निरीक्षण के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने प्रभारी मंत्री के सामने क्षेत्र की सड़क समस्या भी रखी। ग्रामीणों ने बताया कि पटना से हाईलेवल तक पक्की सड़क निर्माण की योजना प्रस्तावित है, लेकिन लंबे समय से इसके पूरा होने का इंतजार है।
ग्रामीणों ने मंत्री से सड़क निर्माण की योजना को जल्द से जल्द धरातल पर उतारने की मांग की। ग्रामीणों का कहना था कि पक्की सड़क बनने से सामान्य दिनों में आवागमन सुगम होगा और बाढ़ व कटाव के दौरान भी लोगों को काफी राहत मिलेगी।
प्रभारी मंत्री ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों से सड़क योजना की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अलंकृता पांडे, आपदा विभाग के एडीएम, जल संसाधन विभाग के अधिकारी, जिला प्रशासन के अन्य पदाधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष मुक्ति सिंह निषाद, पूर्व जिला महामंत्री मनोज पांडे सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
