नवगछिया : परवत्ता थाना क्षेत्र के सहूपरवत्ता गांव के राजकिशोर साहू के घर से अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये के जेवरात की चोरी कर ली है. बताया जा रहा है कि चोरों ने पांच लाख से अधिक के जेवरात उड़ा लिए हैं. जानकारी मिली है कि करीब एक सप्ताह पूर्व गृहस्वामी पूरे परिवार के साथ एक समारोह में वाराणसी गए थे. इधर घर पर कोई नहीं था. घर को सुनसान पाकर अज्ञात चोरों ने चहारदीवारी को फांद कर आवासीय परिसर में प्रवेश किया और एक कमरे का ताला तोड़ कर कमरे में प्रवेश कर गए. जानकारी मिली है कि एक कमरे से ही चार कमरे जुड़े हुए हैं, इस कारण चोरों की पहुंच सभी कमरों में हो गयी और चोरों ने इत्मीनान के साथ चोरी की.
जानकारी मिली है कि चोरों ने पांच लाख रुपये से अधिक मूल्य जेवरात और 40 से 45 हजार की नकदी की चोरी कर ली है. पीड़ित परिवार के लोगों ने कहा कि चोरों ने जेवरात और नकदी के अलावा किसी भी चीज की चोरी नहीं की लेकिन घर के सामानों को यत्र तत्र फेंक दिया है. गृहस्वामी के अनुसार बुधवार को जब वे वापस घर आये तो उन्होंने सबसे पहले मुख्य दरवाजा खोला और जब कमरे का दरवाजा खोलने ही जा रहा था कि देखा कि कमरे के दरवाजे का ताला टूटा हुआ है. जब अंदर जा कर देखा तो समान यत्र तत्र बिखड़े पड़े थे.

गृहस्वामी श्री साहू ने कहा कि चोरों ने पांच लाख से ज्यादा के जेवरातों की चोरी कर ली है, फिलहाल उनकी पत्नी बाहर है, उनके घर आने के बाद ही पता चलेगा कि वास्तव में चोरों ने कितने के जेवरात उड़ा लिये हैं. गृहस्वामी श्री साहू की सूचना पर परवत्ता पुलिस ने मामले की जांच घटना स्थल पर जा कर की है.
इधर परवत्ता के थानाध्यक्ष शिव कुमार यादव ने कहा कि गृहस्वामी द्वारा सूचना दिया गया है. लेकिन अबतक लिखित आवेदन नहीं दिया गया है. लिखित आवेदन मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी. साहू परवत्ता के ग्रामीणों का कहना है कि गांव के किसी घर में इस तरह की चोरी पहली बार हुई है. पहले दुकानों से छोटी छोटी चोरियों का मामला सामने आता रहा. ग्रामीण इस चोरी की घटना के बाद डरे सहमे हैं.


