नवगछिया : नवगछिया पुलिस और एसटीएफ ने सयुक्त रूप से छापेमारी कर तिहरे हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपी झंडापुर ओपी थाना क्षेत्र केदयालपुर गांव के निवासी पचास हजार का इनामी बदमाश शातिर अमन कुमार झा पिता अरूण झा को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने दावा किया है कि इन दिनों अमन संगठित गिरोह का संचालन कर रहा था. वह बिहपुर, झंडापुर, खरीक और नवगछिया थाना क्षेत्र में होने वाली आपराधिक घटनाओं में संलिप्त रहता था. तिहरे हत्याकांड में अमन की तलाश पुलिस को घटना के बाद से ही थी. लेकिन कई बार पुलिस के हाथ से बच कर निकल जाता था.
Total Downloads: 79
– एसटीएफ एवं जिला पुलिस ने संयुक्त रूप से किया छापेमारी
– नवगछिया पुलिस जिले के कुल सात मामलों में आरोपी है अमन झा
तीस अगस्त को ही पुलिस ने उसके घर की कुर्की भी की थी. अमन के विरूद्ध नवगछिया पुलिस जिले के विभिन्न थानों में जघन्य वारदातों के अगल अगल मामले दर्ज हैं. लगातार फरार रहने की स्थिति में नवगछिया पुलिस ने अमन के विरूद्ध पचास हजार इनाम घोषित करने का प्रस्ताव पुलिस महानिरीक्षक अभियान को भेजा था. अमन की गिरफ्तारी नवगछिया पुलिस के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है. नवगछिया की एसपी निधी रानी ने एक प्रेस वार्ता में कहा है कि अमन ने वर्ष 2014 में राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण का कार्य कर रही ऐजेंसी के मैनेजर की गोली मार कर हत्या किये जाने के मामले में भी आरोपी था.


इसके अलावा वह रंगदारी और लूट के मामले में भी वांछित था. जानकारी मिली है कि कुर्की जब्ती हो जाने के कुछ दिन बाद ही अमन दयालपुर गांव आया था और गांव में ही चोरी छिपे रह रहा था. एसटीएफ और जिला पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई कर अमन को एक नाटकीय घटनाक्रम में दयालपुर राष्ट्रीय राजमार्ग चौक पर ही दबोच लिया. नवगछिया एसपी ने कहा कि तिहरा हत्याकांड में अब तक गिरफ्तार हुए सभी आरोपियों के विरूद्ध भागलपुर न्यायालय में स्पीडी ट्रालय चलाया जा रहा था. नवगछिया की एसपी निधि रानी ने कहा कि अमन पर भी तिहरे हत्याकांड में स्पीडी ट्रालय चलाने का प्रस्ताव दिया जायेगा.
तिहरे हत्याकांड में मोहन का अमन ने किया था सहयोग
तिहरे हत्याकांड में मुख्य आरोपी झंडापुर जागीर टोला के मोहन सहनी के साथ अमन झा भी इस घटना में शामिल था. घटना के करीब बीस दिन बाद जब पुलिस ने पूरे मामले का उदभेदन किया था तो उस समय कहा था कि इस घटना में फरार चल रहा अमन भी संलिप्त है जो मोहन का सागिर्द है. मालूम हो कि पुलिस ने अब तक इस कांड में झंडापुर के मोहन सिंह, बलराम राय उर्फ बाले राय, कन्हैया झा, मो महबूबा और अमन झा को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है. अभी भी इस घटनामें दो आरोपी फरार चल रहे हैं. नवगछिया एसपी निधि रानी ने कहा है कि जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जायेगा.
कांप गयी थी मानवता
26 नवंबर 2017 की बीती रात अपराधियों ने दुस्साहसिक घटना को अंजाम देते हुए झंडापुर के कनिक राम उर्फ गायत्री राम, उसकी पत्नी मीना देवी और दस वर्षीय पुत्र छोटू कुमार की हत्या कर दी थी. छ: से सात की संख्या में अपराधी देर रात कनिक के घर में घुस गये और घंटों कनिक सहित उसके घर के कुल चार सदस्यों को निर्ममता से भोथड़े हथियारों से शरीर पर जगह जगह प्रहार करते रहे. घटना में तीन सदस्यों की मौत घटना स्थल पर ही हो गयी थी तो इस घटना में कनिक की पुत्री बिंदी कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गयी थी. इस घटना में बिंदी एक मात्र चश्मदीद है.

