नारायणपुर : नारायणपुर भवानीपुर थाना क्षेत्र के बलाहा गांव में एक 42 वर्षीय अधेड़ को उसके रिश्ते के भतीजे ने ही सोई अवस्था में गोली मारकर हत्या कर दी है. मृतक वार्ड नंबर 6 का निवासी संजय साह उर्फ नन्हकू है. हत्यारों ने उसे पंजरे और छाती में गोली मारी है. घटनास्थल पर ही संजय की मौत हो जाने की बात कही जा रही है हालांकि घटना के तुरंत बाद परिजनों ने ग्रामीण चिकित्सकों को घर बुलाने का भरसक प्रयास किया लेकिन वह असफल रहे. सूचना के बाद पहुंची पुलिस शव को लेकर नारायणपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जहां पर चिकित्सक डा विनोद कुमार ने संजय को मृत घोषित कर दिया.

गुरूवार देर रात की घटना

– बात जो सामने आयी : जाली नोट के कारोबारियों को शक था नन्हकू कर रहा है पुलिस की मुखबिरी

– महिला वार्ड सदस्य सहित उसके तीन पुत्र नामजद, एक आरोपी गिरफ्तार

घटना की बाबत मृतक की पत्नी रेखा देवी के बयान पर संजय की चचेरी भाभी वार्ड नंबर छः की वार्ड सदस्य रजनी देवी और उसके तीनों पुत्र अनमोल साह, मंगल साह एवं प्रवीण साह को नामजद किया है. जानकारी मिली है कि पुलिस ने चार नामजदों में से एक अभियुक्त प्रवीण साह को ससुराल मुंगेर से गिरफ्तारी किया है. जानकारी मिली है कि 26 जुलाई को जाली नोट से के कारोबार से जुड़े एक मिनी फैक्ट्री का उद्भेदन पुलिस द्वारा किया गया था. पुलिस की इस कार्रवाई में जाली नोट के अलावा एक देसी कट्टा और नोट छापने वाला एक प्रिंटर भी बरामद किया गया था. पुलिस की इस कार्यवाही में उस दिन मौके से सभी आरोपी फरार हो गए थे.

जाली नोट समेत अवैध सामानों की बरामदगी वार्ड सदस्य रजनी देवी के घर से किया गया था. बात सामने आई थी कि रजनी देवी और उसके पुत्र मिलकर जाली नोट का कारोबार करते हैं. इस घटना के बाद जाली नोट के अवैध कारोबार के मामले में आरोपी वार्ड सदस्य रजनी देवी और अनमोल साह सहित उसके तीनों पुत्र अपने घर से पुलिस के डर से फरार रहने लगे. बात सामने आई है कि शुरू से ही आरोपियों को संदेह था कि ननकू या फिर उसके परिवार के लोगों ने ही उस के काले कारनामों की सूचना पुलिस तक पहुंचाई है. ननकू के परिजन बता रहे हैं कि पिछले दिनों कुछ ऐसा हुआ जो इत्तेफाक कहा जा सकता है लेकिन आरोपियों को लगा कि ननकू ही पुलिस का मुखबिर है. इसी संदेह में आरोपियों ने रिश्ते की मर्यादा को ताख पर रखते हुए अपने सबसे पहले पड़ोसी और रिश्ते के चाचा को ही मार डाला.

जब गोली चली तो परिजन जागे

ननकू उर्फ संजय साह कबाड़ी का सामान लेकर बदले में सोनपापड़ी एवं दालमोट देने का काम गांव के गली मुहल्ले में किया करता था. वह एक सीधा साधा व्यक्ति था. एक साइकिल के सहारे उसका रोजगार चलता था. परिजन बता रहे हैं कि गुरुवार की रात जब वे लोग अपने घर में सो रहे थे तो उसी समय गोली चलने की आवाज हुई. एक गोली की आवाज सुनकर जगे ही थे कि तब तक दूसरी गोली चल गई और फिर तीसरी गोली चलाते हुए आरोपी बाहर भाग गए.

परिजनों का कहना है कि भागते हुए सभी अपराधियों को उन लोगों ने देखा. सभी अपराधी घर के बाहर भी गोली चलाते हुए भाग गए. घटना के वक्त संजय साह की पत्नी रेखा देवी पास में ही सो रही थी. सबसे पहले उसकी नजर ही संजय साह पर पड़ी. घटना के बाद संजय साह पूरी तरह तड़प कर खामोश हो गए थे. इधर मौके पर पहुंची भवानीपुर नारायणपुर ओपी की पुलिस ने मामले की तहकीकात की है. शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल में करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया था.

परिजनों पर टूटा विपत्तियों का पहाड़

संजय साह उर्फ़ ननकु साह की मौत हो जाने के बाद उसके परिजनों पर विपत्तियों का पहाड़ टूट पड़ा है. संजय शाह की पत्नी रेखा देवी का रो रो कर बुरा हाल है तो सबसे बड़ा पुत्र उमेश शाह और उसकी पत्नी पूजा देवी, दो पुत्रों बिट्टू और राहुल का भी रो रो कर बुरा हाल है.

कहते हैं पुलिस पदाधिकारी

नवगछिया के एसडीपीओ प्रवेंद्र कुमार भारती ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. मामले की छानबीन की जा रही है सभी आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार जेल भेज दिया जाएगा.

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By Rishav Mishra Krishna

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *