भागलपुर में पार्षद के घर के आगे सरेराह स्कूटी सवार युवती को रोककर युवक ने की छेड़खानी। पार्षद के घर में लगी सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान राजीव यादव के रूप में की गई। आरोपी के पिता पुर्णिया में दारोगा के पद पर हैं। आरोपी युवक को देररात छापेमारी के बाद स्टेशन रोड से गिरफ्तार कर लिया गया।

दरअसल तिलकामांझी थाना क्षेत्र के हटिया रोड पर मंगलवार रात स्कूटी से बाजार जा रही एक युवती से बड़ी खंजरपुर मोहल्ले के राजीव यादव नामक युवक ने सरेराह छेड़खानी की। डरी सहमी युवती दौड़कर घर भागी और परिवार के लोगों को घटना की जानकारी दी। परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, तबतक आरोपी भाग गया। युवती से छेड़खानी वार्ड नंबर 32 के पार्षद हंसल सिंह के घर के सामने हुई।

सीसीटीवी कैमरा में युवक की हरकत कैद हो गयी। पीड़ित युवती ने कहा कि वह मीडिया से जुड़ी है और इवेंट का काम करती है। रात करीब आठ बजे घर से तिलकामांझी बाजार जा रही थी। अचानक युवक ने रास्ता रोक दिया। मैंने कहा कि रास्ता क्यों रोक रहे हो। इसके बाद युवक ने बांह पकड़ लिया और हाथ पकड़कर खींचने की कोशिश की। वह हाथ छुड़ाकर किसी तरह घर लौट गई।

युवती ने बताया कि वो युवक को जानती नहीं है। सीसीटीवी से युवक की पहचान हुई है। आरोपी राजीव यादव दारोगा गोपाल यादव का बेटा है। इधर, घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और लोग आरोपी राजीव यादव को खोजने लगे लेकिन वह नहीं मिला। स्थानीय पार्षद ने घर के बाहर हुई घटना को गंभीरता से लिया।

डिप्टी मेयर राजेश वर्मा और तिलकामांझी थाना को घटना की जानकारी दी। कुछ देर बाद युवती थाने पहुंचकर शिकायत की। एसएसपी से भी बातकर घटना की जानकारी दी। तिलकामांझी थाने ने घटना की लिखित शिकायत मिलने के बाद राजीव यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर छापेमारी शुरू कर दी।

स्टेशन परिसर से पकड़ा गया राजीव
पार्षद के घर पहुंचे कुछ लोगों की सीसीटीवी फुटेज से पहचान की गई। पुलिस ने इसके बाद ताबड़तोड़ छापेमारी की। रात 11 बजे स्टेशन चौक पर चाय पी रहे चार युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। इनमें से एक की पहचान आरोपी राजीव के रूप में की गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को देर रात गिरफ्तार कर लिया।

एसएसपी आशीष भारती ने कहा कि युवती से घटना के संबंध में बात हुई है। घटना गंभीर है। सिटी डीएसपी राजवंश सिंह, तिलकामांझी और बरारी थानेदार को तुरंत आरोपी को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया था। छापेमारी के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

अतिक्रमण हटाने का विरोध करने पार्षद के घर पहुंचे थे लोग
तिलकामांझी इलाके में मंगलवार को अतिक्रमण हटाया गया था। इसका कुछ लोगों ने विरोध किया। आरोप था कि पार्षद हंसल सिंह के इशारे पर अतिक्रमण के बहाने फुटपाथ की दुकानें हटाई जा रही हैं। पार्षद के खिलाफ विरोध जताने 30-40 लोग रात में उनके घर पहुंचे थे। उसी में राजीव यादव भी शामिल था। पार्षद घर के बैठकखाने में लोगों से बातचीत कर रहे थे। आरोपी राजीव यादव बाहर निकलकर सड़क पर घूमने लगा। इसी दौरान युवती सड़क से गुजर रही थी और उसके साथ छेड़खानी की गई।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By Rishav Mishra Krishna

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *