विक्रमशिला पुल पर हाइवा से कुचलकर बाइक सवार ग्रामीण बैंक, बेगूसराय शाखा के इंस्पेक्टर सारंधर प्रसाद (53 वर्ष) की मौत हो गई। घटना के बाद चालक फरार हो गया। सूचना मिलने पर बरारी और यातायात टीओपी पुलिस मौके पर पहुंची। घटना के बाद पुल पर जाम लग गया था। बरारी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
Total Downloads: 172
मुंगेर जिले के संग्रामपुर के रहने वाले बैंककर्मी सारंधर प्रसाद जीरो माइल थाने के रानी तालाब के पास मकान बनाकर रहते थे। ग्रामीण बैंक, बेगूसराय मुख्य शाखा में पदस्थापित थे। शुक्रवार को दस बजे बाइक से बिहपुर थाने के मिल्की ब्रांच का जांच करने जा रहे थे। विक्रमशिला पुल के 108 नंबर पाया के पास पीछे से हाइवा ने बाइक में धक्का मार दिया। बाइक आगे के चक्के फंस गई और सिर कुचल जाने से बैंककर्मी की मौके पर मौत हो गई।

घटना के बाद पुल पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। दुर्घटना की सूचना पर टीओपी थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। जाम लगने के कारण पुल पर कुछ देर के लिए भारी वाहनों का परिचालन रोक दिया गया। बरारी पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज ले आई।
थाना प्रभारी रोहित कुमार सिंह ने कहा कि दुर्घटनाग्रस्त हाइवा को जब्त कर लिया गया है। चालक की खोज की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार वालों को सौंप दिया गया। उन्होंने कहा कि हैदराबाद से बैंककर्मी के पुत्र के आने के बाद बयान दर्ज किया जाएगा। इसलिए घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं की जा सकी है।

मेडिकल कॉलेज पहुंचे बैंककर्मी
बिहार ग्रामीण बैंक, बेगूसराय शाखा के इंस्पेक्टर की मौत की सूचना पर काफी संख्या में बैंककर्मी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। घटना पर बैंककर्मियों ने अफसोस जाहिर किया। इधर, सूचना पर बैंक इंस्पेक्टर की पत्नी पुष्पलता देवी और बेटी भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंची। घटना सुनकर मां-बेटी बदहवास हो गई। बैंकर्मी ने कहा कि इकलौता बेटा हैदराबाद में पढ़ाई कर रहा है। शनिवार सुबह भागलपुर आएगा।

