अपराध, शराब तस्करी, अवैध खनन के खिलाफ दोनों राज्यों की पुलिस संयुक्त ऑपरेशन चलाएगी। सोमवार को सर्किट हाउस में बिहार-झारखंड के पुलिस अधिकारियों की इंटर डिस्ट्रिक्ट बॉर्डर मीटिंग में यह निर्णय लिया गया। बैठक में भागलपुर, बांका, मुंगेर, साहेबगंज और गोड्डा के पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया। भागलपुर के एसएसपी आशीष भारती ने बताया कि आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर दोनों राज्यों के सीमावर्ती जिलों के पुलिस अधिकारियों की समन्वय बैठक हुई है, जिसमें कई मुद्दे पर चर्चा हुई। काम के दौरान कैसे दोनों राज्यों की पुलिस में समन्वय स्थापित हो, इस पर विशेष जोर दिया गया है। दोनों राज्यों के पुलिस अधिकारियों ने एक-दूसरे का मोबाइल नंबर आदान-प्रदान किया। अपराधियों की गिरफ्तारी, शराब की तस्करी आदि को रोकने के लिए एक ब्लू प्रिंट तैयार किया है। जिसपर दोनों राज्यों की पुलिस मिलकर काम करेगी।

चुनाव से पहले दोनों राज्य की पुलिस चलाएगी कंबाइंड ऑपरेशन

सर्किट हाउस में एसएसपी आशीष भारती ने बांका की एसपी स्वप्नाजी मेश्राम व अन्य अफसरों के साथ इंटर स्टेट मीटिंग में अपराध रोकने की बनाई रणनीति।

दोनों राज्यों में छिपे हैं एक-दूसरे के वारंटी

एसएसपी ने बताया कि सीमावर्ती जिला गोड्डा, साहेबगंज, मुंगेर के कई अपराधी व वारंटी भागलपुर में रहते हैं। उसी तरह भागलपुर के कई अपराधी व वारंटी गोड्डा, बांका और साहेबगंज, मुंगेर में छिप कर रहते हैं। ऐसे अपराधियों की सूची का दोनों राज्यों की पुलिस ने अादान-प्रदान किया और उनकी गिरफ्तारी के लिए साझा अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। इस तरह की समन्वय बैठक थाना और सब डिविजन स्तर पर भी होनी है। अभी कहलगांव के कई लाल वारंटी महगामा से पकड़े गए। उसी तरह पीरपैंती के कई बाइक चोर साहेबगंज से गिरफ्तार हुए। यह दोनों राज्यों के पुलिस की बेहतर तालमेल का नतीजा है। चुनाव के दौरान सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले लोगों की भी पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की जाएगी। खासकर सीमावर्ती जिलों में ऐसे तत्व माहौल खराब कर दूसरे जिले में जाकर भूमिगत हो जाता हैं।

शराब की खेप और तस्करों की सूचनाएं शेयर करेंगे

एसएसपी ने बताया कि भागलपुर में शराब की खेप झारखंड से पहुंचती है। ऐसे में गोड्डा और साहेबगंज जिले की पुलिस से समन्वय स्थापित कर शराब की खेप और उससे जुड़े तस्करों से संबंधित इनपुट को शेयर करेंगे, ताकि शराब के अवैध धंधे पर अंकुश लगाए जा सके। शराब तस्करों से निबटने के लिए तैयार की गई रणनीति भी दोनों राज्यों की पुलिस आदान-प्रदान करेगी। शराब के सप्लायर का पता लगाने में झारखंड पुलिस की मदद ली जाएगी। इसके अलावा चुनाव के दिन अंतरराज्यीय और अंतर जिला की सीमा को सील कर कर वाहनों की चेकिंग की जाएगी।

दियारा में पेट्रोलिंग, नदी के रास्तों पर भी रहेगी नजर

दियारा में बने चुनाव बूथ और वहां मतदान को प्रभावित करने वाले तत्वों की पहचान की जाएगी। ऐसे तत्वों से निबटने के लिए दियारा में नियमित पेट्रोलिंग और नदी के रास्तों पर भी पुलिस की नजर रहेगी। ताकि तस्कर भागलपुर में घुसपैठ नहीं कर सके। दोनों राज्यों की पुलिस फ्लैग मार्च भी करेगी। सीमावर्ती बूथ और उसके रास्तों की भी जांच की जाएगी। वोट के बाद कैसे इवीएम सुरक्षित स्थान पर पहुंच जाए, इस पर भी विचार किया गया। बांका, जमुई, मुंगेर संयुक्त रूप से झारखंड पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर एंटी नक्सल ऑपरेशन चलाएगी।

बालू माफियाओं के खिलाफ चलेगी मुहिम

एसएसपी ने बताया कि दोनों राज्यों की पुलिस बालू के अवैध खनन और बालू माफियाओं की धर-पकड़ को लेकर संयुक्त मुहिम चलाएगी। इसके अलावा सीमावर्ती इलाके में बैंकों की सुरक्षा पर चर्चा की गई। फरक्का पुल के कारण विक्रमशिला सेतु पर वाहनों के बड़े लोड को देखते हुए ट्रैफिक रेगुलेशन में भी बांका, गोड्डा, साहेबगंज और मुंगेर पुलिस से सहयोग लिया जाएगा।

बैठक में ये हुए शामिल

बैठक में भागलपुर एसएसपी आशीष भारती, कहलगांव एएसपी दिलनवाज अहमद, एएसपी विनीत कुमार, डीएसपी विधि-व्यवस्था नेसार अहमद शाह, डीएसपी मुख्यालय एमके सुधांशु, बांका एसपी स्वप्नाजी मेश्राम, मुंगेर एसपी गौरव कुमार, एएसपी सदर हरिशंकर कुमार, तारापुर एसडीपीओ रमेश कुमार, गोड्डा एसपीडीओ रविकांत भूषण, महगामा एसडीपीओ राजा मित्रा, साहेबगंज के डीएसपी मुख्यालय ललन प्रसाद आदि ने भाग लिया।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *