मुंगेर के कासिम बाजार थाना क्षेत्र से नाबालिग लड़की के अपहरण के विरोध में कौड़ा मैदान स्थित चौक और आसपास की कई गलियों में जमकर रोड़ेबाजी हुई। इस दौरान घर के छतों से गोलियां भी चलाई गई।
Total Downloads: 386
मक्ससपुर से एक नाबालिग लड़की का अपहरण रविवार की रात को मनसरीतल्ले के दो युवकों ने कर लिया। इससे आक्रोशित लोगों ने कौड़ा मैदान स्थित चौक पर टायर जलाकर विरोध किया। इसके बाद अचानक सोमवार को दो पक्षों में जमकर पत्थरबाजी होने लगी।
मामले की जानकारी मिलते ही कोतवाली थानाध्यक्ष रोहित कुमार सिंह और वासुदेवपुर ओपीध्यक्ष सरबजीत कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। लेकिन दोनों पक्षों में काफी आक्रोश होने के कारण दोनों थानाध्यक्ष मामले को शांत कराने में असफल रहे। इन दोनों के मौजूदगी में भी दोनों पक्ष एक-दूसरे पर खदेड़-खदेड़ कर पत्थरबाजी की।

स्थिति अनियंत्रित होती देख लगभग एक घंटे के बाद एसडीओ खगेश चंद्र झा और एएसपी हरिशंकर कुमार सहित आस-पास के कई थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। इन लोगों के पहुंचते ही एसपी गौरव मंगला भी घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद सभी उपद्रवियों को एसपी ने खुद मोर्चा संभाल कर खदेड़ा, तब जाकर मामला शांत हुआ। वहीं पुलिस ने पीड़ित परिजनों से भी बात कर उन्हें कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब जाकर एक पक्ष के लोगों का आक्रोश शांत हुआ। वही पुलिस घटनास्थल पर कैंप कर रही है।

