नशे की लत युवाओं को न सिर्फ मौत के करीब ले जा रही है, बल्कि उन्हें परिवार से दूर करने का काम भी कर रही है। नशा सिर्फ लड़के ही नहीं बल्कि लड़कियों को अपनी गिरफ्त में लेने लगा है। इसका बुरा असर उनके जीवन पर दिख रहा है। कई लड़कियां नशे की लत के चलते माता-पिता से बगावत करने लगी हैं। राजधानी के महिला थाने में एक महीने में तीन लड़कियों ने माता-पिता के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी है। इसके बाद जब काउंसिलिंग हुई तो मामला नशा करने का निकला। इससे परिवार के लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
Total Downloads: 182
केस- 1
मेडिकल की तैयारी करने वाली एक छात्रा ने महिला थाने में माता-पिता और भाइयों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराया है। उसके अनुसार उनके भाई मारपीट करते हैं। छात्रा की शिकायत पर भाइयों और माता-पिता को थाने बुलाया गया पर जब परिजन आये तो पुलिस भी सोच में पड़ गई। दरअसल भाइयों का कहना था कि उसकी बहन चरस और नशीली दवाओं का सेवन करती है। इसके कारण कई रात घर से बाहर रहती है। उसे समझाने की कोशिश की गई पर वह नहीं मानी। थाने में ही छात्रा भाई और माता-पिता से लड़ बैठी, बोली मुझे पैसा दो अलग रहूंगी।

केस- 2
बोरिंग रोड की रहने वाली एक छात्रा की महिला ने महिला थाने में शिकायत दर्ज करायी कि वह बेटी के नशेपन से परेशान है। बेटी को नशा करने से मना करती है तो आत्महत्या करने की धमकी देती है। महिला को सिर्फ एक संतान है। अगर वह भी मर जाती है तो वह क्या करेगी। थाने में काफी दिनों तक काउंसिलिंग के बाद छात्रा ठीक हुई।
केस- 3
पटना सिटी की एक युवती मां के खिलाफ महिला थाने में शिकायत की है कि वह घर के बाहर निकलने नहीं देती है। वह बाहर अकेले रहना चाहती है। उसके आवेदन पर मां को बुलाया गया। युवती की मां ने बताया कि कुछ दिन पहले ही उसके पति की मौत हुई है। वह पति की मौत से दुखी थी। इधर, बेटी कुछ लड़कों के संपर्क में आकर नशा करने लगी। बेटी रात-रातभर घर से बाहर रहती है। वह करे तो क्या करे। अभी थाने में युवती की काउंसिलिंग चल रही है।

लड़कियां स्वतंत्रता को दूसरे अर्थों में लेने लगी हैं। गलत संगत में पड़कर नशे की गिरफ्त में आ रही हैं। ऐसी स्थिति में माता-पिता को बच्चों के साथ दोस्ताना संबंध रखकर समझाना होगा। नशे से होने वाले नुकसान को समझाना होगा। यह ध्यान देना होगा कि उसे परिवार और अपनों की कमी महसूस न हो।
-डॉ. अर्चना कटियार, मनोविज्ञान विभाग, मगध महिला कॉलेज

