रेलवे की तहबाजारी व नगर पंचायत के मांस हाट के सीमांकन को लेकर दोनों टेंडर धारकों के बीच विवाद बढ़ता जा रहा है। एक ही स्थान पर नगर पंचायत और रेलवे का टेंडर होने से दोनों टेंडर धारक बट्टी वसूली को लेकर आमने-सामने हो गए हैं। इस विवाद में दोनों के बीच तनाव की स्थिति बन गई है। इस विवाद के बाद मामले में एक पक्ष ने मारपीट व छिनतई की प्राथमिकी तक दर्ज कराई है। एसपी निधी रानी ने इस मामले को संज्ञान में लेते हुए पूरे मामले की जांच सोमवार को कीं।
रेलवे की तहबाजारी और नपं के मांस हाट के सीमांकन में टेंडर धारकों के बीच बढ़ा विवाद
एसपी ने लिया संज्ञान, जांच के बाद नवगछिया थानाध्यक्ष को कार्रवाई का दिया निर्देश
तब यह आरोप सामने आया है कि एक ही स्थान के टेंडर के दो अलग-अलग धारक दावा कर रहे हैं। लेकिन उक्त स्थान का टेंडर किसी एक व्यक्ति का ही हो सकता है।


एसपी ने कहा कि बाजार में एक जगह है, जिसमें रेलवे ने तहबाजारी का टेंडर किया गया है। जबकि नपं ने मांस हाट का टेंडर किया गया है। दोनों टेंडर अलग अलग व्यक्ति ने लिया है। टेंडर के दस्तावेज दोनों पक्षों के पास हैं।
हालांकि यह जीआरपी के क्षेत्र में आता है, लेकिन इससे बाजार प्रभावित हो रहा है। इसमें तहबजारी वसूली को लेकर तनाव है। जांच से यह जानकारी मिली है कि नपं ने किए गए मांस हाट के टेंडर में स्थल सीमांकन नहीं किया गया है। जबकि रेलवे ने किए गए टेंडर में स्थल का सीमांकन किया गया है। नपं के कार्यपालक पदाधिकारी को पत्र लिखा गया है। थानाध्यक्ष राजकपूर कुशवाहा को विधिसम्मत कार्रवाई करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

