नवगछिया : विक्रमशिला पुल पर रविवार की अहले सुबह दो ट्रकों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इसमें एक ट्रक का चालक बसंतलाल प्रजापति गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची परबत्ता पुलिस घायल चालक को इलाज के लिए मायागंज अस्पताल भेज दिया। घटना परबत्ता थाना क्षेत्र के पोल संख्या 14 के करीब हुई थी। ट्रक की टक्कर के बाद एक ट्रक पुल के रेलिंग पर चढ़ गया, जबकि दूसरे चालक ने धक्का मारने के बाद ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया।
पुल पर ट्रक के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद पुल पर करीब दो घंटे तक जाम लग गया। इसके बाद वन वे परिचालन कर गाड़ियों को किसी तरह निकाला गया। क्रेन मंगा कर पुलिस ने पुल से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को खींच कर किनारे लगवाया, इसके बाद पुल की दोनों साइड से वाहनों का आवागमन सुचारू रूप से संचालित हो सका।


इस दौरान घंटों आवागमन बाधित रहने से वाहनों की लंबी कतार लग गई। परबत्ता थानाध्यक्ष राघव सिंह ने बताया कि दुर्घटना के बाद कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बनी थी। लेकिन तत्काल दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को वहां से हटा लिया गया। इसके बाद पुल पर परिचालन सामान्य हो गया। दुर्घटना के बाद भी वन वे परिचालन जारी था।

हादसे के बाद मच गई अफरातफरी, दो घंटे तक आवागमन रहा बाधित
पुल पर अहले सुबह ट्रक के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने के बाद पुल पर अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। दुर्घटना के बाद एक ट्रक चालक तो गाड़ी को हवा की बेग की तरह भगाते हुए निकल गया। जबकि दूसरा ट्रक पुल की रेलिंग से जा टकराया और घूम कर खड़ा हो गया। इससे पुल पर जाम लग गया और दोनों तरफ से वाहनों की लंबी कतार लग गई। दुर्घटना के बाद पिछले से आ रहे ट्रक चालक ने अपनी गाड़ी खड़ी कर दुर्घटनाग्रस्त ट्रक के पास आए और दुर्घटना में घायल हुए चालक को ट्रक से बाहर निकाला। दुर्घटना के करीब 20 मिनट बाद पुलिस स्थल पर पहुंची। इसके बाद घायल ट्रक चालक को पुलिस जीप से ही मायागंज अस्पताल ले गई।

