विक्रमशिला पुल पर जाम ट्रक ने ट्रैफिक के दो जवानों को कुचलने की कोशिश की जिसमें दोनों जवान घायल हो गये। घटना गुरुवार की रात लगभग आठ बजे की है। घटना में घायल जवान उदय और अमरजीत को इलाज के लिए मायागंज स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया।
Total Downloads: 105
एसएसपी आशीष भारती घायल जवान का हाल जानने मायागंज पहुंचे। एससपी ने कहा कि घटना की जानकारी वे ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि ट्रैफिक को लेकर गुरुवार की शाम बैठक होने वाली थी जिसे इस घटना के बाद स्थगित कर दिया गया है। बैठक शुक्रवार को होगी।

कहा सामने से हटो और बढ़ा दिया ट्रक
दोनों घायल जवानों का इलाज कराने अस्पताल पहुंचे ट्रैफिक डीएसपी आरके झा ने बताया कि दोनों जवान पुल पर जाम हटा रहे थे। तभी उस ट्रक के सामने जैसे ही दोनों जवान पहुंचे कि उस ट्रक चालक ने दोनों जवान से हटने को कहा और ट्रक आगे बढ़ा दिया। जवान समय रहते अगर सामने से नहीं हटते तो ट्रक उन्हें कुचल देता। दोनों को गंभीर चोट आयी है।
एक जवान को चलने में जबकि दूसरे को सांस लेने में परेशानी की बात बतायी जा रही है। ट्रैफिक डीएसपी ने कहा कि घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं वाहन को जब्त कर लिया गया है।

