नवगछिया अनुमंडल क्षेत्र में एनआरसी व सीएए के विरोध में गुरुवार को हुए वाम मोर्चा के बिहार बंद का असर नहीं दिखा। बाजार रोज की तरह खुले रहे और सड़कों पर गाड़ियां चलती रहीं। वहीं सीपीआई नेता सीताराम राय के नेतृत्व में कार्यकर्ता झंडा लिये बाजार में घूमते देखे गए। वहीं काढ़ागोला में बंद समर्थकों ने ट्रेन रोककर विरोध जताया। वहीं बिहपुर प्रखंड क्षेत्र में भी दुकानें खुली रहीं।
आंचल भाकपा ने बभनगामा से आक्रोश मार्च निकालने से पूर्व बभनगामा बजार में सड़क जाम कर दिया। लेकिन कुछ ही देर में एक एम्बुलेन्स के रुकने पर जाम खत्म कर दिया गया। इसके बाद कार्यकर्ता पैदल सोनवर्षा, मिल्की, मीराचक व विक्रमपुर होते हुए बिहपुर स्टेशन गोलंबर पहुंचे और नुक्कड़ सभा की। कार्यक्रम का नेतृत्व भाकपा अंचल मंत्री मंसूर आलम एवं निरंजन चौधरी ने किया।

सुल्तानगंज में दुकानें खुली रही और वाहनों की आवाजाही होती रही। बीडीओ प्रभात रंजन, थानाध्यक्ष रामप्रीत कुमार बंद के दौरान भ्रमणशील रहे। अकबरनगर में भी आवाजाही पूर्ववत रही। स्टेशन पर भी रेल पुलिस की तैनाती की गयी थी।


