भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सह पूर्व केन्द्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा कि बिहार में विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू हो गयी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए विधानसभा चुनाव लड़ेगा।
Total Downloads: 171
शनिवार को भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बात करते हुए पूर्व केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि बिहार में भाजपा,जदयू और लोजपा मिलकर चुनाव लड़ेगा। एनडीए की स्थिति काफी मजबूत है। दो सौ से अधिक सीटों पर जीत का अनुमान है। संगठन स्तर से गठबंधन के बीच सीटें तय की जाएंगी। हुसैन ने कहा कि शनिवार को भाजपा के 11 कार्यालयों का उद्घाटन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा किया गया है। इसमें भागलपुर और नवगछिया का कार्यालय भी शामिल है। अब पार्टी के सभी कार्यक्रम कार्यालय में आयोजित किये जायेंगे। देश में भाजपा मजबूत हुई है। सभी जिलों में कार्यालय खोले जा रहे हैं।

राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि सीएए से मुसलमानों को डरने की जरूरत नहीं है। यह कानून किसी के खिलाफ नहीं है। इसमें नागरिकता देने का प्रावधान किया गया है। एक भी भारतीय मुसलमान को कोई बाहर नहीं भेज सकता है। एनआरसी पर सरकार द्वारा अभी कोई निर्णय नहीं लिया गया है। सीएए को लेकर कांग्रेस सहित अन्य दलों द्वारा भ्रम पैदा किया जा रहा है। भारतीय मुसलमानों के लिए भारत से अच्छा देश नहीं मिल सकता है। इस मौके पर भाजपा के जिला अध्यक्ष रोहित पांडेय, एमएलसी राधामोहन शर्मा, भाजयुमो के राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य अर्जित शाश्वत चौबे, पूर्व सांसद अनिल यादव व हरिवंशमनी सिंह आदि उपस्थित थे

