मांस हाट को लेकर पिछले दिनों से चली आ रही खींचातानी अब समाप्त होने को है। नवगछिया नगर पंचायत में मंगलवार को हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया कि मांस हाट का संचालन नगर पंचायत के ठीक पीछे खिरनई नदी के किनारे किया जायेगा। इस स्थल को हाट के अनुरूप बनवाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। मालूम हो कि पिछले वित्तीय वर्ष में मांस हाट का संचालन रेलवे की जमीन पर हो रहा था।

रेलवे की जमीन तहबाजारी सब्जी मंडी के लिए खाली करवा दिये जाने के बाद फिलहाल मांस हाट का संचालन राजेंद्र कॉलोनी स्थित मैदान के पास किया जा रहा है। नगर पंचायत में आयोजित बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये गये हैं। जिनमें शहर के बाजारों में अवैध गुमटियों को हटाने का फैसला है। जानकारी मिली है कि शहर में लगभग 250 अवैध गुमटी का संचालन हो रहा है। जिससे जाम लगता है। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जिन गुमटियों को हटाया जायेगा। उनके दुकान के लिए वार्ड 21 में वैंडिंग जोन बनाया जा रहा है।

वित्तीय वर्ष 2020-21 के लिए विभिन्न सैरातों की बंदोबस्ती 26 से 28 मार्च तक किया जाएगा। बस पड़ाव के लिए सुरक्षित जमा राशि 31 लाख 90 हजार 534 रुपए है। इस बार अंचल राजस्व हाट की भी बंदोबस्ती होनी है। जिसके लिए सुरक्षित राशि एक लाख 11 हजार 797 रूपये है। वार्ड 16 और 18 में सार्वजनिक शौचालय के लिए सुरक्षित राशि एक लाख 38 हजार 350, विज्ञापन होर्डिंग के लिए दस हजार और श्रीपुर में कृषि भूमि की भी बंदोबस्ती के लिए 50 हजार है।

खरीक के सलेमपुर और सुकटिया बाजार की बंदोबस्ती 28 को होगी

खरीक के सलेमपुर अलालपुर हाट और गोपालपुर के सुकटिया बाजार की बंदोबस्ती 28 मार्च को अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा निर्धारित किया गया है। जानकारी के अनुसार संबंधित अंचल कार्यालयों में दोनों हाट बाजारों की बंदोबस्ती की जायेगी। इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है। बैठक की अध्यक्षता नगर अध्यक्ष प्रीति कुमारी ने की। मौके पर नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी संजीव कुमार सुमन, उपमुख्य पार्षद अभिषेक रमण उर्फ टीएन यादव, प्रेम सागर उर्फ डब्लू यादव, मदन शर्मा, रंजीत भगत, सिकंदर साह, सिटी मैनेजर अहजर हुसैन आदि मौजूद थे।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *