नवगछिया स्टेशन और एन एच 31 के बीच अवस्थित नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड नं 22 और 23 के नया टोला के लोगों की परेशानियां दिन-प्रतिदिन बढ़ती ही जा रही है ।
नवगछिया सील के 26वें दिन नया टोला पहुंचे हिन्दुस्तान के संवाददाता को स्थानीय लोगों ने अपनी-अपनी परेशानियों को बयां किया। स्थानीय बेली देवी ने बताया कि बाजार से दूर हमलोगों को होम डिलीवरी सामान नहीं मिलने से काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं उमा देवी ने बताया कि हमलोगों को पार्षद द्वारा डीलर के यहां से अनाज में गेहूं चावल मिल पाया है लेकिन घरों में पैसे नहीं हैं। ऐसे में दवा और दाल-सब्जियों के लिए काफी परेशानी हो रही है

नरेश प्रसाद साह ने बताया कि प्रशासन को सीलबंदी से राहत देनी चाहिए। निरंजन मंडल ने बताया कि बाजार सील के कारण मछली पालकों को रोजी-रोजगार की समस्या उत्पन्न हो गई है। विक्की स्वर्णकार, सुलेखा देवी ने बताया कि कमाने वाले घरों में ही बैठे हैं ऐसे में कैसे घर का चूल्हा कैसे जलेगा। वहीं सौरभ चौरसिया, अजय कुमार, गुड़िया देवी ने कहा कि बैंकों में पैसा रहते हुए हमलोग बेबस और लाचार हैं।


