भागलपुर जिले में कोरोना के मरीज मिलने का नया रिकॉर्ड रविवार को बना। पहली बार एक ही दिन में अब तक सबसे ज्यादा छह कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले। इनमें बिहपुर के बभनगामा की महिला (62 वर्ष), नाथनगर का युवक (25 वर्ष), शाहकुंड का किशाेर (17 वर्ष), सिकंदरपुर का अधेड़ (55 वर्ष), कहलगांव की महिला (26 वर्ष) अाैर रंगरा के जहांगीरपुर बैसी का युवक (22 वर्ष) शामिल है।
इसी के साथ भागलपुर में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है। नाथनगर का युवक मूल रूप से मुंगेर जिले का रहना वाला है। हालांकि पहले के 5 में से 2 मरीज स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। यानी 40 फीसदी लोगों ने कोरोना से जंग जीत ली है। स्वस्थ होने वालों में नवगछिया के वृद्ध और मायागंज अस्पताल के पीजी डॉक्टर शामिल हैं।

कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि होते ही मरीजों को क्वारंटाइन सेंटर या घरों से लेकर जेएलएनएमसीएच के एमसीएच कोरोना आइसोलेशन वार्ड में भर्ती के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम निकल चुकी है। इनमें से तीन मरीज रविवार की रात आठ बजे मायागंज अस्पताल के एमसीएच कोरोना आइसोलेशन वार्ड में भर्ती थे।
नए 6 मरीजों के सैंपल शुक्रवार को सदर अस्पताल, नवगछिया और कहलगांव की टीम ने लिया था। नाथनगर, शाहकुंड और रंगरा के पॉजिटिव मरीजों की ट्रेवल हिस्ट्री सामने आई है। नाथनगर का युवक 30 अप्रैल को पटना से आया था, जबकि शाहकुंड का किशाेर दिल्ली से 30 अप्रैल को घर पहुंचा था। रंगरा का युवक बाइक से चंडीगढ़ से लौटा था। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद सभी को मायागंज अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है।



Champanager bhagalpur