नवगछिया : संजीव चौरसिया, वरीय पत्रकार – नवगछिया का ब्लैक स्पॉट डेंजर जोन बन गया है। इस कारण वहां से वाहनों के गुजरने पर यात्रियों की रुह कांप उठती है। आकंड़े बताते हैं कि इन ब्लैक स्पॉट पर कई दर्दनाक हादसे हुए हैं, दर्जनों लोगों की अब तक मौत हो चुकी है। एनएच-31 पर आगे निकलने की होड़ और जहां-जहां मोड़ है, वहां दुर्घटना ज्यादा हो रही हैं। इस कारण एक माह में ही नवगछिया में इन ब्लैक स्पॉट पर 18 से 20 हादसे हुए हैं।
Total Downloads: 113
एनएच पर दुर्घटना के बाद शव उठाने, पोस्टमार्टम कराने और प्राथमिकी दर्ज करने तक ही पुलिस-प्रशासन की भूमिका सीमित हो जाती है। कभी परिजनों के आक्रोश के बीच पदाधिकारी तरह-तरह का आश्वासन जरूर देते हैं, लेकिन समय के साथ भूल जाते हैं। इस कारण घटनाएं घटने के बजाय बढ़ती जा रही हैं।

हादसे में अब तक 14 प्रवासी मजदूरों की मौत:
खरीक के अंभो के पास मंगलवार सुबह हुई दुर्घटना में नौ मजदूरों की मौत हुई है। इसके पूर्व डीसीएम वाहन से पटना जा रहे प्रवासी मजदूर दंपती की मौत सड़क दुर्घटना में हो गयी थी। वहीं नारायणपुर पेट्रोल पंप के पास दो प्रवासी मजदूरों को ट्रक ने रौंद दिया था।

एसपी ने कहा, वाहनों की गति मापने का यंत्र:
नवगछिया एसपी निधि रानी ने कहा कि एनएच-31 पर वाहनों की गति मापने के लिए यंत्र लगाया गया था। उससे अनियंत्रित तरीके से गाड़ी चलाने वाले चालकों को दंडित भी किया जा रहा था। लॉकडाउन में सड़कों पर गाड़ी नहीं चलने के कारण उसे बंद कर दिया गया था। अब उसे चालू कर दिया जाएगा।

एसडीओ बोले- अनियंत्रित गति से वाहन चलाने पर होगी कार्रवाई :
नवगछिया एसडीओ मुकेश कुमार ने हादसे के बाद कहा कि लॉकडाउन के कारण अनियंत्रित वाहनों की गति मापकर फिर से दंडित किया जायेगा। लॉकडाउन के कारण कार्रवाई नहीं की जा रही थी।
ब्लैक स्पॉट पर हुई मुख्य दुर्घटनाएं
नवगछिया के तेतरी जीरोमाइल पर दर्जनों घटनाएं हुई हैं। 2016 में मजदूरों को लेकर आ रहे ट्रैक्टर और ट्रक की टक्कर में सात लोगों की मौत हो गयी थी। उनमें तीन महिलाएं थीं। खरीक के अंभो चौक पर अररिया, पूर्णिया औऱ भागलपुर के छह लोगों की मौत हो गयी थी। ये सभी शूटर थे और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने जा रहे थे। भवानीपुर शिव मंदिर के पास दुर्गा पूजा के समय तीन युवकों की मौत बस दुर्घटना में हो गयी थी। खरीक के अंभो के पास दुरागमन के लिए जा रहे दूल्हा सहित तीन लोगों की मौत दुर्घटना में हो गयी थी। कटरिया रेलवे ओवरब्रिज के पास शादी कर लौट रहे दूल्हा सहित चार लोगों की मौत दुर्घटना में हुई थी।

’ एक के बाद एक दुर्घटनाएं, फिर भी प्रशासन संवेदनहीन ’ हर दूसरे दिन सड़क हादसों में जाती हैं लोगों की जान
नवगछिया के तेतरी जीरोमाइल को नेशनल हाइवे ने बिहार में ब्लैक स्पॉट के रूप में चिह्नित किया है। इसके अलावा कटरिया रेल ओवरब्रिज के पास, मदरौनी चौक, भवानीपुर शिव मंदिर चौक, नवगछिया का मंकदपुर चौक, खरीक प्रखंड का अंभो चौक, खरीक चौक, दयालपुर रेलवे ओवरब्रिज महंत बाबा स्थान, बीरबन्ना चौक, भगवान पेट्रोल पंप के पास ब्लैक स्पॉट है।

