नजदीकी रिश्तेदार के साथ दुष्कर्म और ब्लैकमेल करने के आरोप में प्रशिक्षु डीएसपी सोमेश मिश्रा को भागलपुर पुलिस ने झारखंड के साहेबगंज से गिरफ्तार कर लिया है। तातारपुर क्षेत्र की रहने वाली लड़की ने महिला थाने में इसी साल 20 मार्च को सोमेश के खिलाफ केस दर्ज कराया था। महिला थानाध्यक्ष रीता कुमारी ने बताया कि लड़की प्रशिक्षु डीएसपी की रिश्तेदार है। सोमेश मूल रूप से गोड्डा का रहने वाला है। उसके पिता साहेबगंज में रेलवे में जॉब करते हैं। रेलवे क्वार्टर से ही उसे गिरफ्तार किया गया है।

लड़की ने आरोप लगाया था कि सोमेश दिल्ली में रह रहा था, उसी समय उसे अपने पास बुलाया था। वहां उसके साथ गलत किया और उसका वीडियो बना लिया। उस वीडियो को लेकर वह ब्लैकमेल कर रहा था। उसके बाद लड़की की शादी हो गयी। वह कोलकाता में जॉब कर रही है। सोमेश वहां भी उसे धमकी देने के लिए पहुंच गया। लड़की ने इसकी शिकायत भी पुलिस से की थी।

पुलिस मुख्यालय पहले ही कर चुका है सस्पेंड
प्रशिक्षु डीएसपी सोमेश मिश्रा के इस करतूत की बात तब सामने आयी जब उसकी रिश्तेदार ने ही उसपर आरोप लगाकर केस किया। उसके बाद पुलिस मुख्यालय स्तर से इसकी जांच की गयी। लड़की के आरोप को सही पाया गया। इसके बाद सोमेश को सस्पेंड कर दिया गया। महिला थाने में दर्ज केस की जांच पुलिस कर रही थी। भागलपुर पुलिस ने भी अनुसंधान में प्रशिक्षु डीएसपी पर लगे आरोपों को सही पाया, जिसके बाद उसकी गिरफ्तारी हुई।

राजगीर में ट्रेनिंग के दौरान हुआ था सस्पेंड
लड़की के आरोप की जांच के बाद जब पुलिस मुख्यालय ने सोमेश को सस्पेंड किया तब वह राजगीर में ट्रेनिंग ले रहा था। उसके बाद भागलपुर पुलिस की जांच में जब आरोप सही पाये गये तब पुलिस ने कोर्ट में उसकी गिरफ्तारी वारंट के लिए प्रे किया। वारंट मिलने के बाद महिला थानाध्यक्ष रीता कुमारी के नेतृत्व मे पुलिस साहेबगंज गयी और वहां से उसे गिरफ्तार कर भागलपुर लेकर आयी।

प्रशिक्षु डीएसपी पर भागलपुर की रहने वाली लड़की ने महिला थाने में केस दर्ज कराया था। अनुसंधान में आरोप सही पाये गये। इसके बाद साहेबगंज से उसे गिरफ्तार किया गया है। पुलिस मुख्यालय स्तर से जांच के बाद उसे पहले ही सस्पेंड किया जा चुका था।
– आशीष भारती, एसएसपी

इनपुट:हिंदुस्तान

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *